
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। दिसंबर 2025 में बुढ़ाना क्षेत्र में पकड़ी गई डेढ़ किलो स्मैक के मामले में हुए खुलासे के बाद, शाहजहांपुर के कुख्यात तस्कर रियाज उर्फ बाबू की करोड़ों की संपत्तियों पर शिकंजा कसने की प्रक्रिया तेज हो गई है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा और एसपी देहात आदित्य बंसल के नेतृत्व में पुलिस ने रियाज की लगभग 35 संपत्तियों की पहचान की है। इनमें शोरूम, प्लॉट, ईंट-भट्टे और अन्य अचल संपत्तियां शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 80 करोड़ रुपए आंकी गई है।
इन संपत्तियों को जब्त करने के लिए न्यायालय से आदेश प्राप्त हो चुके हैं। कुर्की की कार्रवाई को अंजाम देने के लिए डिप्टी एसपी बुढ़ाना के नेतृत्व में कई टीमें गठित की जा रही हैं, जो जल्द ही इस बड़ी कार्रवाई को अमल में लाएंगी।
स्मैक बरामदगी के बाद हुई जांच में रियाज की तस्करी नेटवर्क में सक्रिय भूमिका सामने आई थी। इसके बाद से ही पुलिस उसकी अवैध कमाई और आर्थिक तंत्र को ध्वस्त करने की रणनीति पर काम कर रही थी।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई प्रदेश में नशा माफिया के खिलाफ एक बड़ा संदेश देगी और ऐसे तत्वों के खिलाफ भविष्य में भी कड़े कदम उठाए जाएंगे।





