Viral

नारनौल में पत्नी और मौसी की बेटी ने मिलकर घर से चुराए सोने के आभूषण, CCTV फुटेज देख पति ने दर्ज कराई FIR


नारनौल। शहर के केशव नगर क्षेत्र में एक युवक ने अपनी पत्नी और उसकी रिश्तेदार पर घर से सोने के आभूषण लेकर फरार होने का आरोप लगाया है। शहर थाना नारनौल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता रवि कुमार ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि वह सोमवार दोपहर करीब तीन बजे स्कूल से घर लौटा तो उसकी माता बिमला, भाभी मंजीता और भाई सचिन घर में सो रहे थे, जबकि उसकी पत्नी रूही घर पर नहीं मिली।

कई बार फोन करने के बावजूद उसका मोबाइल बंद या अनुत्तरित मिला। रवि के अनुसार जब घर में पूजा कक्ष की अलमारी की जांच की गई तो उसमें रखे सोने के आभूषण गायब पाए गए। गायब जेवरों में बालियां, चेन, चूड़ियां, मंगलसूत्र, टेवटा, अंगूठी और झुमकियां सहित कई कीमती आभूषण शामिल हैं। रवि कुमार का आरोप है कि पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर उसकी पत्नी की मौसी की लड़की बुलबुल संदिग्ध रूप से घर आती-जाती नजर आई।

फुटेज के अनुसार, बुलबुल पहले काले रंग की एक्टिवा स्कूटी पर सुबह करीब 11:29 बजे घर आई और कुछ समय बाद लौट गई। इसके बाद दोपहर 1:39 बजे वह दोबारा स्कूटी लेकर आई और महज तीन मिनट के भीतर उसकी पत्नी रूही को साथ लेकर चली गई। एक अन्य फुटेज में दोनों को एक बैग के साथ गली के एक घर में जाते हुए भी देखा गया है। इसके बाद से ही रूही घर नहीं लौटी और न ही किसी काल का जवाब दे रही है।

पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर रूही और बुलबुल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 और 331(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ले ली गई है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply