
हमीरपुर. ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच चल रहे युद्ध की वजह से एलपीजी गैस का संकट देखने को मिल रहा है. हिमाचल प्रदेश में कमर्शियल सिलेंडरों की किल्लत देखने को मिल रही है और ऐसे में अब प्रशासन ने आपूर्ति को लेकर व्यवस्था तैयार की है. हमीरपुर में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई के लिए जिला प्रशासन ने विशेष बैठक की.
डीसी गंधर्व राठौर ने बताया कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों के वितरण के लिए एक प्राथमिकता सूची तैयार की जाएगी, ताकि आवश्यक सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो. उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार प्राथमिकता सूची में सबसे पहले शैक्षणिक संस्थानों जैसे स्कूल, कॉलेज और एनआईटी हमीरपुर को रखा जाएगा. इसके बाद होटल और रेस्टोरेंट, सामाजिक समारोह (शादी एवं अन्य आयोजन), फार्मास्यूटिकल उद्योग तथा सरकारी विश्राम गृह और कैंटीन को प्राथमिकता दी जाएगी.
डीसी गंधर्व राठौर ने बताया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है. खाद्य आपूर्ति विभाग के अनुसार घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य और मांग के अनुरूप बनी हुई है. उन्होंने कहा कि गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहें निराधार हैं. डीसी ने आम जनता से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर गैस सिलेंडरों की जमाखोरी न करें. उन्होंने आश्वस्त किया कि गैस सिलेंडर के लिए आवेदन करने के बाद सभी को समय पर उनकी बारी के अनुसार सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे.
मंडी में भी जिला स्तरीय कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक हुई. डीसी मंडी अपूर्व देवगन अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिक्षण तथा स्वास्थ्य संस्थानों, व्यापारियों एवं उपभोक्ताओं को समय पर सिलेण्डर उपलब्ध करवाने के लिए सभी के साथ समन्वय के साथ काम किया जाए. डीसी ने बताया कि कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए छापेमारी की जा रही है और हाल ही में सरकाघाट में 13 तथा ढलवान में दो घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं.
डीसी ने बताया कि कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए छापेमारी की जा रही है
बैठक का संचालन जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक बृजेंद्र पठानिया ने किया. उन्होंने बताया कि जिला में 24 गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को घरेलू और व्यावसायिक गैस उपलब्ध करवाई जा रही है. बैठक में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंधक गौरव जौहर तथा भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के एरिया मैनेजर नवीन कुमार ने बताया कि जिला में घरेलू रसोई गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. उपभोक्ताओं को घबराने या अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है.





