Saturday, March 28, 2026
Viral

छोटे भाई के मकान के उद्घाटन पर मुंबई से राजस्थान आया था बड़ा भाई, हार्ट अैटक ने ले ली जान


पाली. राजस्थान के पाली जिले में पारिवारिक समारोह में शामिल होने आए एक शख्स की हार्ट अटैक से मौत हो गई. यह शख्स अपने छोटे भाई के मकान के मुहूर्त में शामिल होने के लिए मुंबई के गोरेगांव से आया था. यहां भजन संध्या के दौरान नाचते समय उसे दिल का दौरा पड़ा और उसकी जान चली गई. इससे परिवार की खुशियां मातम में बदल गई. वहीं पूरे गांव में शोक की लहर छा गई. राजस्थान में इससे पहले भी नाच गाने के दौरान हार्ट अटैक से मौत के कई मामले सामने आ चुके हैं. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है.

घटना पाली जिले के गुड़ा एंदला थाना इलाके के कानेलाव गांव में दो दिन पहले 22 मार्च को देर रात को हुई. थाना इलाके की खौड चौकी प्रभारी समुंद्र सिंह राजपुरोहित ने बताया मिश्रीलाल सीरवी (45) की हार्ट अटैक से मौत हो गई. मिश्रीलाल पाली के कानेलाव के रहने वाले थे. वर्तमान में वे गोरेगांव (मुंबई) रहते थे. वे अपने छोटे भाई रूपाराम के मकान के मुहूर्त में 22 मार्च की दोपहर को कनेलाव आए थे. उस दिन शाम को भजन संध्या थी और 23 मार्च को मकान में गृह प्रवेश का कार्यक्रम था.

नाचते-नाचते सीना पकड़कर नीचे बैठ गए
मिश्रीलाल के बुआ के लड़के बाबूलाल ने बताया कि 22 मार्च की रात को भजन संध्या का आयोजन चल रहा था. रात करीब 12 मिश्रीलाल भजन पर नाच रहे थे. उस समय परिवार और गांव के काफी लोग वहां मौजूद थे. उसी दौरान अचानक मिश्रीलाल की तबीयत बिगड़ गई. वे नाचते-नाचते सीना पकड़कर नीचे बैठ गए. इसके बाद बेहोश हो गए. उन्हें बेहोशी की हालत में पास ही गुंदोज हॉस्पिटल ले गए. वहां से डॉक्टर उनको पाली के बांगड़ अस्पताल में रेफर कर दिया.

मिश्रीलाल मुंबई के गोरेगांव में जनरल स्टोर चलाते थे
पाली में डॉक्टर्स ने जांच के बाद उनको मृत घोषित कर दिया. डॉक्टर्स के मुताबिक मिश्रीलाल की मौत हार्ट अटैक आने से हुई. मिश्रीलाल की मौत की सूचना मिलते ही आयोजन थम गया. मिश्रीलाल मुंबई के गोरेगांव में जनरल स्टोर चलाते थे. उनके 2 बेटियां और 1 बेटा है. उनका भी कानेलाव गांव में ही मकान काम चल रहा है.

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply