
बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई है जबकि कई लोग घायल बताए जा रहा हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सोमवार दो दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा। वहीं, घायलों का इलाज चल रहा है। हादसा पिकअप वाहन के पलटने से हुआ है।
घटना जिले में मंगचुवा थाना क्षेत्र की है। नेतामटोला मोड़ के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला की मौत इलाज के दौरान अस्पताल में हो गई। इस हादसे में 12 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। घायलों में कुछ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
नामकरण संस्कार में गए थे लोग
पद्देटोला गांव के लोग एक पिकअप में सवार होकर नामकरण संस्कार में शामिल होने के लिए खलबत्तर गांव गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग अपने गांव आपस लौट रहे थे। पिकअप वाहन जब भंवरमरा नेताम टोला मोड़ पर पहुंचा तो वह अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई।
हादसे में मान बाई और नंदिनी की मौत हो गई जबकि 12 लोग घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जानकारी मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य तुरंत शुरू किया गया। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं। मोड़ पर वाहन तेज रफ्तार में था जिस कारण से हादसा हुआ। मामले की जांच की जा रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की जानकारी मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही मंगचुवा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला। घायलों को लोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहीं, गंभीर रुप से घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।





