Viral

मंडप-1, परिवार-1, शादी-6… उत्तराखंड का अनूठा विवाह, एक ही घर में उतरेगी 5 डोली, जाएगी एक


देहरादूनः देवभूमि उत्तराखंड का जौनसार बावर इलाका हमेशा से अपनी विशिष्ट संस्कृति और अनोखी परंपराओं के लिए दुनिया भर में मशहूर रहा है. यहां के रीति-रिवाज आधुनिकता की दौड़ में भी अपनी जड़ों से जुड़े हुए हैं. आज हम आपको एक ऐसे ही अनोखे विवाह समारोह की कहानी बताने जा रहे हैं, जहां मंडप एक होगा, परिवार एक होगा लेकिन शादियां कुल 6 होंगी.

29 अप्रैल को 5 भाई और 1 बहन की शादी होगी
अपनी अनूठी सामाजिक व्यवस्था और संयुक्त परिवार की मिसाल पेश करने वाला जौनसार बावर क्षेत्र एक बार फिर चर्चाओं में है. यहां के खारसी गांव में एक ऐसा विवाह समारोह आयोजित होने जा रहा है, जो आज के दौर के खर्चीले और तड़क-भड़क वाले शादियों के बीच सादगी और पारिवारिक एकता का बड़ा संदेश दे रहा है. आगामी 29 अप्रैल को खारसी गांव के एक ही आंगन में 6 शादियां एक साथ संपन्न होंगी. असल में, यहां के निवासी दौलत सिंह और मोहन सिंह दोनों भाइयों ने मिलकर एक ऐतिहासिक फैसला लिया है. इन दोनों भाइयों के 5 बेटे और 1 बेटी, यानी कुल 6 भाई-बहन एक ही दिन परिणय सूत्र में बंधेंगे.

समाज को नई राह दिखा रहा मोहन और दौलत सिंह का परिवार
मोहन सिंह और दौलत सिंह ने मेहमानों को निमंत्रण पत्र भेजने शुरू कर दिए हैं. यह शादी का कार्ड सिर्फ एक न्योता नहीं, बल्कि जौनसार की उस सामूहिक जीवन शैली की झलक है, जो धीरे-धीरे विलुप्त हो रही है. जहां आज लोग शादियों में स्टेटस सिंबल के नाम पर पानी की तरह पैसा बहाते हैं, वहीं यह परिवार फिजूलखर्ची को दरकिनार कर एक सामूहिक आयोजन के जरिए समाज को नई राह दिखा रहा है. स्थानीय लोग भी इस पहल की जमकर सराहना कर रहे हैं.

भले ही बाहरी दुनिया के लिए यह किसी अजूबे से कम न हो, लेकिन जौनसार बावर की माटी में यह परंपरा रची-बसी है. यहां सामूहिक विवाह और संयुक्त परिवार केवल शब्द नहीं, बल्कि जीवन जीने का तरीका हैं. हालांकि, एक साथ 5 भाइयों और एक बहन की शादी का यह संयोग सोशल मीडिया पर भी खूब सुर्खियां बटोर रहा है. खारसी गांव का यह आंगन 29 अप्रैल को खुशियों से सराबोर होने के लिए पूरी तरह तैयार है.

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply