
बिहार के बेगूसराय जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। यह हृदयविदारक घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-333B पर हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
श्रीनगर-मोहनपुर गांव के समीप हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, एनएच से सटे श्रीनगर-मोहनपुर गांव के समीप यह हादसा हुआ। मृतकों की पहचान श्रीनगर वार्ड-10 निवासी नथुनी यादव (लगभग 55 वर्ष), पिता स्वर्गीय लक्ष्मण यादव, तथा उनकी पत्नी इंदु देवी (52 वर्ष) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि दोनों रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने एनएच-333B को जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू
ड़क जाम की सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, प्रशासनिक अधिकारी भी ग्रामीणों से वार्ता कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण और गमगीन माहौल बना हुआ है।





