
मुजफ्फरनगर में हाईवे पर स्टंट कर रील बनाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मीडिया में मामला सामने आने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद युवक ने अपने कृत्य के लिए माफी मांगी और भविष्य में स्टंट न करने की बात कही।
उजैफा नामक यह युवक बुलेट बाइक पर खड़े होकर और कभी आगे मडगार्ड पर बैठकर स्टंट कर रहा था। वह इन करतबों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहा था। इस दौरान वह यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहा था।
सामने आए एक वीडियो में वह हाथ जोड़कर माफी मांगता दिखा और भविष्य में इस तरह की स्टंटबाजी न करने की बात कही। पुलिस ने बताया कि हाईवे पर इस तरह के स्टंट बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही।





