
Rajasthan Weather: पश्चिमी विक्षोभ के कारण राजस्थान में पारा सामान्य से 8 डिग्री तक गिर गया है. रतनगढ़ (चुरू) में सबसे ज्यादा 16.0 मिलीमीटर बारिश हुई. आज जैसलमेर, बाड़मेर समेत 5 जिलों में येलो अलर्ट है, जहां हल्की बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना जताई गई है.
राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों में इन दिनों तपिश की जगह ठंडी हवाओं और बारिश ने ले ली है. सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को समय से पहले आ धमकने वाली गर्मी से बड़ी राहत मिली है.
बता दें कि मौसम विभग के अनुसार पिछले 24 घंटो के दौरान राज्य के बीकानेर तथा जयपुर संभागों के जिलों में कहीं-कहीं पर हल्की वर्षा दर्ज की गई है.वहीं सर्वाधिक वर्षा रतनगढ़ (चुरू) में 16.0 मिलीमीटर दर्ज की गई है.
बादलों की आवाजाही और बारिश के चलते प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य के मुकाबले 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तक कम रिकॉर्ड किया गया है. झुंझुनूं के मंडावा में सर्वाधिक 18 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.वहीं राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिन का पारा अब 26 से 30 डिग्री के बीच सिमट गया है.
बारिश की वजह से भले ही तापमान गिरा है, लेकिन पश्चिमी राजस्थान के कुछ शहर अभी भी प्रदेश में सबसे आगे बने हुए हैं. जैसे- पिछले 24 घंटो में पाली 32.9°C के साथ प्रदेश का सबसे अधिक गर्म शहर रहा है. वहीं चित्तौड़गढ़ 32.6°C, जोधपुर शहर 32.4°C, बाड़मेर 32.2°C, जालोर 31.8°C, लूणकरनसर 31.8°C, बीकानेर 31.6°C,जैसलमेर 31.4°C, चूरू 31.4°C और नागौर में 31.3°C तापमान दर्ज किया गया है.
मौसम केंद्र जयपुर ने आज 22 मार्च के लिए एक नया बुलेटिन जारी किया है. एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से कई जिलों में येलो अलर्ट है. जिसकी वजह से दौसा, करौली, जैसलमेर, बाड़मेर, और जालोर जिलों में बारिश के आसार बने हुए हैं.
यहां मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है. साथ ही 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में भी बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी संभव है.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4-5 दिनों तक अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा. राहत की बात यह है कि आगामी एक सप्ताह तक लू चलने की कोई संभावना नहीं है. हालांकि, पश्चिमी राजस्थान में तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव बना रहेगा.





