Viral

बिहार के वैशाली में बवाल, घर में पत्‍थरबाजी और फर्नीचर की दुकान में लूटपाट के बाद लगा दी आग


बिहार के वैशाली जिले में शनिवार को बवाल हो गया. गरौल थाना क्षेत्र के लोदीपुर गांव में दो पक्षों के बीच खूनी झड़प में दर्जनों लोग घायल हो गए. आरोप है कि उपद्रवियों ने एक फर्नीचर की दुकान में लूटपाट और आगजनी की, ज‍िसमें कई लोग घायल हो गए. घायलों को अस्‍पताल में भर्ती क‍िया गया है, जहां पर उनका इलाज चल रहा है. घटना का वीडियो भी सामने आया है.

कहासुनी के बाद हिंंसक झड़प
जानकारी के अनुसार, लोदीपुर गांव में लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद को लेकर शनिवार दोपहर दो पक्ष आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भारी संख्या में पहुंचे लोगों ने जमकर ईंट-पत्थर चलाए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

फर्नीचर की दुकान में तोड़फोड़
आरोप है कि हमलावरों ने एक फर्नीचर की दुकान में तोड़फोड़ की. करीब एक लाख रुपये नकद और लगभग 3 लाख रुपये के सामान की लूटपाट की. इसके बाद दुकान में आग लगा दी गई. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें भीड़ द्वारा तोड़फोड़ और आगजनी करते लोग साफ दिखाई दे रहे हैं.

महिलाएं और बच्चे भी घायल
इस दौरान कई वाहन भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए. पीड़ित पक्ष के मंजय शर्मा ने आरोप लगाया कि उपेंद्र राय और उनके समर्थक सैकड़ों की संख्या में पहुंचे, और हमला कर दिया, जिसमें महिलाएं और बच्चे समेत कई लोग घायल हो गए. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है.

इलाके में पुलिस बल तैनात
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, और आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है. घायलों का इलाज हाजीपुर के सदर अस्पताल मे किया जा रहा है.

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply