
मुजफ्फरनगर नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में निवेश के नाम पर दो लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
निवेश के नाम पर दिया बड़ा मुनाफे का लालचशिवपुरी कॉलोनी निवासी अनंत गुप्ता ने बताया कि उसकी पहचान तितावी क्षेत्र के गांव बुड़ीना खुर्द निवासी फरहत जावेद से थी। फरवरी 2024 में आरोपी ने खुद को एक टैक्सी कंपनी का अधिकृत एजेंट बताते हुए निवेश की योजना समझाई। उसने दावा किया कि कंपनी कार और बाइक खरीदकर उन्हें किराये पर चलाती है, जिससे सालाना 200 प्रतिशत तक मुनाफा होता है।
किश्तों में लिए दो लाख रुपये
पीड़ित ने बताया कि 7 मार्च 2024 को उसने 50 हजार रुपये की एक यूनिट खरीदी। इसके बाद फरवरी और मार्च 2025 में आरोपी ने और निवेश के लिए दबाव बनाया और कुल दो लाख रुपये अलग-अलग किश्तों में ले लिए। बदले में आरोपी ने बांड और सर्टिफिकेट दिए, जो बाद में फर्जी निकले।
जांच में सामने आई सच्चाई
1 अप्रैल 2025 को जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगा। संदेह होने पर पीड़ित ने सर्टिफिकेट पर दिए पते की जांच की, जहां इस नाम की कोई कंपनी नहीं मिली। शिकायत के बाद पुलिस जांच में आरोप सही पाए गए। बताया गया कि आरोपी ने पहले रुपये लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में धमकी देने लगा।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
नई मंडी कोतवाली पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।





