Tamil Nadu News: तमिलनाडु के थूथुकुडी जिले में एक 23 वर्षीय युवक ने शक के चलते 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा की बेरहमी से हत्या कर दी. शनिवार को हुई इस सनसनीखेज वारदात में आरोपी ने घर में अकेली मौजूद प्रथम पीयूसी छात्रा पर पहले चाकू से हमला किया और फिर गला घोंटकर उसकी जान ले ली. हत्या के तुरंत बाद आरोपी ने उसी चाकू से खुद पर भी वार कर आत्महत्या का प्रयास किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक, थूथुकुडी जिले के कासिपंडियन गांव निवासी मुथुराज एक स्थानीय वेल्डिंग वर्कशॉप में काम करता था और अपने ही गांव की 16 वर्षीय छात्रा से प्रेम करता था. जब दोनों के परिजनों को इस रिश्ते की जानकारी हुई, तो यह तय किया गया था कि छात्रा की शिक्षा पूरी होने के बाद शादी पर विचार किया जाएगा.
हालांकि, हाल के दिनों में मुथुराज को शक होने लगा था कि छात्रा मोबाइल फोन पर किसी अन्य युवक से बात करती है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होने लगे थे. शनिवार को स्कूल की छुट्टी होने के कारण छात्रा घर पर अकेली थी, तभी मुथुराज वहां पहुंचा. पूछताछ के दौरान दोनों के बीच तीखी बहस हुई और गुस्से में आकर मुथुराज ने चाकू से वार करने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी.
हत्या के बाद खुद को मारा चाकू, अस्पताल में भर्ती आरोपी
छात्रा की हत्या करने के तुरंत बाद आरोपी मुथुराज ने उसी हथियार से खुद को चाकू मार लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर घर के भीतर ही गिर पड़ा. घर के अंदर मृत छात्रा और लहूलुहान हालत में युवक को देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल मुथुराज को थूथुकुडी सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने नाबालिग के शव को पोस्टमार्टम के लिए सेबथैयापुरम सरकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है.