Post Office Saving Scheme: अगर आप सुरक्षित निवेश के साथ भविष्य के लिए बड़ा फंड तैयार करना चाहते हैं, तो पोस्ट ऑफिस की रिकरिंग डिपॉजिट स्कीम एक अच्छा विकल्प हो सकती है। इस योजना में हर महीने छोटी रकम जमा करके लंबी अवधि में अच्छी बचत की जा सकती है। खास बात यह है कि इसमें एकमुश्त बड़ी रकम लगाने की जरूरत नहीं होती।

पोस्ट ऑफिस RD में रोजाना 200 रुपये बचाने के हिसाब से महीने में 6,000 रुपये जमा किए जा सकते हैं। अगर इस निवेश को लगातार 10 साल तक जारी रखा जाए, तो मैच्योरिटी पर आपका फंड 10 लाख रुपये से ज्यादा हो सकता है। इसमें करीब 3 लाख रुपये की रकम सिर्फ ब्याज से मिलेगी।
निवेश की सुरक्षा की गारंटी
पोस्ट ऑफिस की स्मॉल सेविंग स्कीम्स को सुरक्षित निवेश के विकल्पों में गिना जाता है। इन योजनाओं में सरकार का समर्थन होने के कारण निवेशकों को तय नियमों के मुताबिक रिटर्न मिलता है। यही वजह है कि जोखिम से बचने वाले लोग इन योजनाओं को पसंद करते हैं। हालांकि, निवेश शुरू करने से पहले योजना की ब्याज दर, अवधि और अन्य शर्तों को समझना जरूरी है।
₹100 से शुरू कर सकते हैं निवेश
पोस्ट ऑफिस की RD स्कीम की खासियत यह है कि इसमें छोटी रकम से भी बचत शुरू की जा सकती है। खाता महज 100 रुपये से खुलवाया जा सकता है। इसमें हर महीने एक तय रकम जमा करनी होती है। नियमित बचत के लिहाज से यह योजना काफी हद तक म्यूचुअल फंड की SIP जैसी है, जहां हर महीने निवेश करके लंबी अवधि में बड़ा फंड तैयार किया जाता है। हालांकि, RD में ब्याज दर पहले से तय होती है, जबकि म्यूचुअल फंड का रिटर्न बाजार पर निर्भर करता है।
Post Office RD पर कितना मिल रहा ब्याज?
पोस्ट ऑफिस की 5 साल वाली रिकरिंग डिपॉजिट स्कीम पर 6.7% सालाना ब्याज दर के आधार पर गणना की गई है। इसमें निवेश की अधिकतम सीमा तय नहीं है। इस योजना में आप अकेले या ज्वाइंट अकाउंट के जरिए निवेश कर सकते हैं। पतिपत्नी मिलकर भी संयुक्त खाता खुलवा सकते हैं।
5 साल बाद भी बढ़ा सकते हैं निवेश की अवधि
RD की सामान्य मैच्योरिटी अवधि 5 साल है। मैच्योरिटी पूरी होने के बाद निवेशक खाते को अगले 5 साल के लिए बढ़ा सकते हैं। इस तरह नियमित बचत को लंबी अवधि तक जारी रखकर बड़ा फंड बनाया जा सकता है। हालांकि, किस्त जमा करने में लापरवाही भारी पड़ सकती है। तय समय पर किस्त जमा नहीं करने पर नियमों के मुताबिक पेनाल्टी लगती है। लगातार चार किस्तें जमा नहीं करने पर खाता बंद भी हो सकता है।
ये भी पढ़ें:
समझिए ₹10 लाख से ज्यादा फंड का पूरा गणित
अब बात करते हैं उस कैलकुलेशन की, जिसके जरिए रोजाना 200 रुपये की बचत से 10 लाख रुपये से ज्यादा का फंड तैयार हो सकता है। अगर आप हर दिन 200 रुपये बचाते हैं, तो महीने में आपकी बचत 6,000 रुपये होगी। इस रकम को हर महीने पोस्ट ऑफिस RD में जमा करने पर 5 साल में आपका कुल निवेश 3.60 लाख रुपये हो जाएगा। 6.7% सालाना ब्याज दर के आधार पर 5 साल बाद यह रकम बढ़कर करीब 4.28 लाख रुपये हो सकती है। इसमें लगभग 68 हजार रुपये ब्याज के रूप में मिलेंगे। इसके बाद अगर आप खाते को अगले 5 साल के लिए बढ़ाते हैं और हर महीने 6,000 रुपये जमा करना जारी रखते हैं, तो 10 साल में आपका कुल निवेश 7.20 लाख रुपये हो जाएगा।
ये भी पढ़ें:
निवेश का विवरण
रकम
हर महीने निवेश
₹6,000
निवेश की अवधि
10 साल
कुल जमा राशि
₹7,20,000
अनुमानित ब्याज
₹3,06,131
मैच्योरिटी पर कुल फंड
₹10,26,131
इस तरह 10 साल में आपकी जमा रकम 7.20 लाख रुपये होगी, जबकि करीब 3.06 लाख रुपये ब्याज से मिलेंगे। यानी नियमित छोटी बचत के जरिए 10 लाख रुपये से ज्यादा का फंड तैयार किया जा सकता है। यह गणना 6.7% सालाना ब्याज दर और बताए गए निवेश के आधार पर अनुमानित है। ब्याज दरों में बदलाव और खाते के विस्तार की लागू शर्तों के अनुसार वास्तविक मैच्योरिटी राशि अलग हो सकती है।
ये भी पढ़ें: