मंगलवार, 29 सितंबर 2026 ब्रेकिंग
Crude Oil Prices: कच्चा तेल खरीदने में कंपनियों के छूट रहे पसीने, फ्यूचर प्राइस के मुकाबले असल दाम काफी ज्यादा​ | 65 साल बाद भी नहीं मिला जमीन का पूरा मुआवजा, इलाहाबाद HC ने अफसरों को किया तलब​ | Horoscope 29 September 2026 Aaj Ka Rashifal: सभी 12 राशियों का कैसा रहेगा आज का दिन, पढ़ें आज का राशिफल​
दिल्ली 32°C ☀️ |
728 x 90 Advertisement
विज्ञापन
728 x 90 Advertisement
Viral

लखनऊ में एसए अपार्टमेंट के गिरने की आशंका, खाली कराने में जुटी पुलिस; रहते हैं 24 परिवार​

Lucknow News: लखनऊ के वजीरगंज थाना क्षेत्र के गोलागंज में सोमवार को SA अपार्टमेंट में उस समय अफरातफरी मच गई, जब बिल्डिंग के एक पिलर के बैठने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड एसडीआरएफ, एनडीआरएफ समेत कई विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं. एहतियात के तौर पर अपार्टमेंट में रहने वाले […]

Lucknow News: लखनऊ के वजीरगंज थाना क्षेत्र के गोलागंज में सोमवार को SA अपार्टमेंट में उस समय अफरातफरी मच गई, जब बिल्डिंग के एक पिलर के बैठने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड एसडीआरएफ, एनडीआरएफ समेत कई विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं. एहतियात के तौर पर अपार्टमेंट में रहने वाले सभी 24 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. अधिकारियों की मौजूदगी में अब बिल्डिंग की तकनीकी जांच कराई जा रही है.

पिलर में आई दिक्कत

मामला वजीरगंज थाना क्षेत्र के गोलागंज स्थित SA अपार्टमेंट का है. बताया जा रहा कि सोमवार को अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों ने बिल्डिंग के एक पिलर में दिक्कत देखी. लोगों को आशंका हुई कि पिलर बैठ रहा है और इससे बिल्डिंग की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है. इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को भी बुलाया गया. एलडीए और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को भी मौके पर पहुंचने के लिए कहा गया.

25 फ्लैट, 24 परिवार रहते हैं

अधिकारियों के मुताबिक, SA अपार्टमेंट में कुल 25 फ्लैट हैं. इनमें करीब 24 परिवार रह रहे थे. पिलर में दिक्कत की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी परिवारों को बिल्डिंग से बाहर निकाल लिया गया. किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. प्रशासन की ओर से आसपास की बिल्डिंगों की सुरक्षा को लेकर भी एहतियात बरती जा रही है. अधिकारियों ने आसपास मौजूद लोगों को भी सतर्क किया है, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो.

15 साल पुरानी बताई जा रही बिल्डिंग

स्थानीय लोगों के मुताबिक, SA अपार्टमेंट का निर्माण करीब 15 साल पहले हुआ था. इसे वकील अहमद और सहाब नाम के बिल्डरों द्वारा बनाए जाने की बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि मूल रूप से यह पांच मंजिला बिल्डिंग थी. बाद में बिल्डिंग के ऊपर पेंटहाउस भी बनाया गया. अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों का आरोप है कि पिछले करीब एक साल से वे बिल्डिंग में आ रही समस्याओं को लेकर बिल्डर से शिकायत कर रहे थे. उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद बिल्डिंग की समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया.

DM बोले सभी परिवार सुरक्षित

मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी विशाख जी ने बताया कि SA अपार्टमेंट के एक पिलर के बैठने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ समेत संबंधित टीमों को मौके पर भेजा गया. फायर सेफ्टी, स्थानीय पुलिस और अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं. उन्होंने बताया कि बिल्डिंग में रहने वाले सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. पास की एक अन्य बिल्डिंग को भी एहतियातन खाली कराया गया है.

जिलाधिकारी के मुताबिक, अब तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से बिल्डिंग की स्थिति का आकलन कराया जाएगा. आईआईटी की टीम और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया है. स्ट्रक्चरल इंजीनियर यह देखेंगे कि बिल्डिंग को स्थिर करने के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं और आसपास की इमारतों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाए?

परिवारों के रहने की भी होगी व्यवस्था

प्रशासन ने अपार्टमेंट से बाहर निकाले गए परिवारों से संपर्क शुरू कर दिया है. अधिकारियों की ओर से उनकी पूरी जानकारी ली जा रही है. कुछ परिवारों ने लखनऊ में रहने वाले अपने रिश्तेदारों के यहां जाने की बात कही है. वहीं, जिन परिवारों के पास तत्काल रहने की व्यवस्था नहीं है, उनके लिए प्रशासन की ओर से रैन बसेरे या अन्य वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की बात कही गई है. अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी.

DCP वेस्ट बोले एहतियातन खाली कराई गई बिल्डिंग

डीसीपी वेस्ट जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वजीरगंज थाना क्षेत्र में स्थित इस बिल्डिंग के एक पिलर में दिक्कत की सूचना मिली थी. इसके बाद एहतियात के तौर पर बिल्डिंग को खाली करा लिया गया. एलडीए और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं. उन्होंने बताया कि मौके पर सुरक्षा व्यवस्था भी की गई है, ताकि राहत और जांच के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित न हो. फिलहाल प्रशासन और तकनीकी टीमें बिल्डिंग की स्थिति का निरीक्षण कर रही हैं.

विज्ञापन
728 x 90 Advertisement
शेयर करें:
Author Bio Pic

संपादकीय टीम

खबर मंकी की अनुभवी एडिटोरियल डेस्क। हमारे लेखक और संपादक दिन-रात निष्पक्ष, सटीक और तीव्र समाचार आप तक पहुँचाने के लिए काम करते हैं।

🐒 KHABAR MONKEY