
Raja Raghuvanshi Murder Case: इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड के बाद अब उस घर में खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है. इस घर में कुछ दिनों पहले मातम पसरा था, लेकिन अब पूरा परिवार खुशियां मना रहा है. लगभग 8-9 महीने बाद इंदौर का रघुवंशी परिवार अब दुखों से उभरता हुआ नजर आ रहा है. दरअसल, राजा रघुवंशी के बड़े भाई सचिन रघुवंशी के घर पर एक नवजात ने जन्म लिया है. उसका नाम भी परिवार ने राजा रखा है.
बच्चे के जन्म के बाद राजा रघुवंशी का परिवार खूब खुशियां मना रहा है. वहीं परिवार के लोग भी भावुक होकर कह रहे हैं, कि हमारा राजा वापस फिर से वापस लौट आया है. वहीं राजा के भाई विपिन का कहना है कि राजा की तेहरवीं के दिन कामाख्या मंदिर के पुजारी ने भविष्यवाणी की थी, कि राजा दोबारा इसी परिवार में जन्म लेगा. आखिरकार पुजारी की भविष्यवाणी सच साबित हुई.
पुजारी की भविष्यवाणी सच
आगे विपिन रघुवंशी ने कहा कि पुजारी ने बताया था कि राजा की मौत सामान्य रूप से नहीं हुई थी, बल्कि उसकी हत्या की गई थी. इस लिए राजा का इसी परिवार में लौटना तय है. वहीं रघुवंशी परिवार अब इस बच्चे के जन्म को पुजारी की भविष्यवाणी से जोड़कर देख रह है.
‘राजा फिर वापस लौट आया’
इस पर परिवार का कहना है कि जिस वक्त राजा रघुवंशी की हत्या हुई थी, उस दिन ग्यारस का दिन था. करीब दोपहर 2.40 बजे का समय था. वहीं संयोग से इस बच्चे का जन्म भी ग्यारस के दिन दोपहर 2.42 बजे हुआ. इस हिसाब से परिवार का मानना है कि राजा एक बार फिर से घर लौट आया है. राजा की मां का कहना है कि जिस दिन मेरा बेटा गया था, उसी दिन लगभग उसी समय पर वह वापस आ गया है. यह सब भगवान की कृपा है.
परिवार में खुशी का माहौल
उनका कहना है कि जब बच्चे को राजा कहकर पुकारते हैं, तो ऐसा लगता है कि वह सभी को पहचानता है. राजा की हत्या के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ सा टूटा था, लेकिन अब इस बच्चे के जन्म से परिवार में खुशी का माहौल है. वहीं राजा रघुवंशी परिवार ने इस पूरे मामले पर कोर्ट से अपील की है, जल्द से जल्द न्याय दिया जाए. ताकि सभी आरोपियों को जल्द से जल्द सजा मिल सके.
क्या था राजा हत्याकांड केस?
दरअसल, इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की 11 मई 2025 को शादी थी. वहीं शादी के बाद राजा रघुवंशी अपनी पत्नी सोनम रघुवंशी के साथ 20 मई को हनीमून मनाने के लिए मेघालय गए हुए थे. जहां पर 24 मई को राजा रघुवंशी के गायब होने की खबर सामने आई. लेकिन उसके बाद 2 जून को राजा का शव एक खाई में पड़ा मिला था. उसके बाद इस मामले में जैसे जैसे जांच की गई तो, उसकी पत्नी सोनम रघुवंशी ही राजा की हत्या की मुख्य आरोपी निकली, उसके बाद पुलिस ने सोनम समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. हालांकि, राजा हत्याकांड के सभी आरोपी अभी जेल में बताए जा रहे हैं.





