
बिहार में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे और नई सरकार के गठन का पूरा खाका तैयार कर लिया गया है. सूत्रों के अनुसार जो बड़ी खबर आ रही है, उसके अनुसार 6 अप्रैल को मुख्यमंत्री आवास में जेडीयू राज्य कार्यकारिणी की बैठक हो सकती है और 9 अप्रैल को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दिल्ली जाएंगे. 9 अप्रैल को दिल्ली में जेडीयू राष्ट्रीय परिषद और राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हो सकती है. 9 अप्रैल की शाम को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दिल्ली में मुलाकात संभव है.
राज्यसभा की शपथ लेंगे सीएम नीतीश
10 अप्रैल को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा के सदस्य के तौर पर शपथ लेंगे. 10 अप्रैल को ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात हो सकती है. 11 अप्रैल को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना लौटेंगे. 12 या 13 अप्रैल को पटना में एनडीए की बैठक होगी, जिसमें एनडीए विधायक दल का नेता चुना जाएगा, जो बिहार का अगला मुख्यमंत्री होगा. 14 अप्रैल को नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे और 18 अप्रैल के पहले बिहार में नई सरकार का गठन होने वाला है.
नई सरकार का खाका तैयार
बिहार की नई सरकार का जो खाका तैयार किया गया है, उसके अनुसार जेडीयू से 13 मंत्री तो भारतीय जनता पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री के अलावा 8 मंत्री होंगे. लोजपा रामविलास से 2 मंत्री तो हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा की ओर से एक मंत्री शपथ ले सकता है. राष्ट्रीय लोक मोर्चा की ओर से एक मंत्री सरकार में होगा. भविष्य में मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है. कुल मिलाकर जनता दल यूनाइटेड की ओर से सरकार में 14 तो भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री सहित 13 मंत्री हो सकते हैं.
कब क्या होने वाला है:
6 अप्रैल: मुख्यमंत्री आवास में जेडीयू राज्य कार्यकारिणी की बैठक संभावित
9 अप्रैल: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दिल्ली जाएंगे.
9 अप्रैल: दिल्ली में जेडीयू राष्ट्रीय परिषद और राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक संभावित
9 अप्रैल: शाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अमित शाह की दिल्ली में मुलाकात संभावित.
10 अप्रैल: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा के सदस्य के तौर पर लेंगे शपथ.
10 अप्रैल: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात संभावित
11 अप्रैल: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना लौटेंगे.
12 या 13 अप्रैल: पटना में एनडीए विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री का चुनाव
14 अप्रैल: नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे
18 अप्रैल से पहले: बिहार में नई सरकार का गठन





