भागलपुर। शहर के चर्चित बिल्डर बजरंग कुमार हत्याकांड में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मामले की अप्राथमिकी अभियुक्त और बिल्डर की प्रेमिका सीमा कुमारी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। केस के अनुसंधानकर्ता सह तिलकामांझी थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि कोर्ट से सीमा को एक पखवारे की न्यायिक हिरासत में रखने का अनुरोध किया गया है, ताकि 15 दिनों के भीतर ही उसके खिलाफ पुख्ता आरोप पत्र दाखिल की जा सके।

कभी ‘जीजा’ कहती थी, 4 साल से बंद थी आवाजाही
बिल्डर बजरंग की रोतीबिलखती पत्नी चुन्नी ने पुलिस को बताया कि जब वह ब्यूटी पार्लर चलाया करती थी, तब सीमा से उसकी गहरी दोस्ती थी। वह अक्सर उनके घर आती थी और बजरंग को ‘जीजाजीजा’ कहकर बात किया करती थी। हालांकि, पिछले चार साल से सीमा का उनके घर आनाजाना पूरी तरह बंद हो चुका था। चुन्नी ने मांग की है कि उसके पति की हत्या में जो भी लोग शामिल हैं, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिले।
हत्यारोपी सीमा के खिलाफ पुलिस के पास हैं ये 7 बड़े सबूत
पुलिस टीम का दावा है कि सीमा कुमारी के खिलाफ उनके पास वैज्ञानिक और परिस्थितिजन्य अकाट्य साक्ष्य मौजूद हैं:
टेबल पर मिले दस्तावेज: घटनास्थल पर टेबल से सीमा की नोटबुक और यूनिवर्सिटी का आवेदन फॉर्म बरामद हुआ है।
CCTV फुटेज: वारदात के समय घटनास्थल पर सीमा के आने और जाने की पूरी गतिविधि सीसीटीवी कैमरे में कैद है।
हत्या में प्रयुक्त हथियार: सीमा की ही निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से कत्ल में इस्तेमाल की गई ‘दबिया’ बरामद की है।
खून से सने कपड़े और बैग: पुलिस ने सीमा के घर से घटना के वक्त पहने हुए कपड़े और खून के छीटों वाला पिट्ठू बैग, झोला व हेलमेट बरामद किया है।
पैर का जख्म: कत्ल के दौरान हुए हल्के संघर्ष में सीमा के पैर में चोट आई थी, जो उसकी संलिप्तता का बड़ा शारीरिक प्रमाण है।
मोबाइल टावर लोकेशन: तकनीकी जांच में घटना के समय सीमा के मोबाइल का टावर लोकेशन भागलपुर के उसी इलाके में पाया गया है।
अकेले कत्ल या पर्दे के पीछे कोई और? पत्नी ने पार्टनर पर जताया शक
बिल्डर बजरंग की मजबूत कदकाठी को देखते हुए लोगों और खुद उनकी पत्नी को यह बात हजम नहीं हो रही है कि अकेले एक महिला ने इस वारदात को अंजाम दे दिया। हालांकि, चर्चा यह भी है कि 1 जुलाई की दोपहर बजरंग शराब के नशे में पूरी तरह धुत था, जिससे वह शारीरिक रूप से निढाल हो चुका था।
बजरंग की पत्नी चुन्नी ने पुलिस के सामने साफ कहा कि अकेले सीमा इतनी बड़ी वारदात नहीं कर सकती। उसने बजरंग के कारोबारी पार्टनर पंकज और मास्टर पर गंभीर आरोप लगाए हैं:
तीन महीने पहले जमीन की एक रजिस्ट्री को लेकर पंकज और मास्टर के साथ बजरंग की तीखी नोकझोंक हुई थी।
घटना वाले दिन को भी एक कॉल आने के बाद बजरंग काफी तनाव में आ गए थे और जमीन से जुड़ी कोई बात कह कर निकले थे।
चुन्नी के बयान पर तिलकामांझी थाने में पंकज और मास्टर को नामजद आरोपी बनाया गया है।
फाइलों और दस्तावेजों का गायब होना उठा रहा सवाल
इस हत्याकांड में सबसे बड़ा सस्पेंस जमीन के कागजात को लेकर है। कत्ल के बाद सीमा घटनास्थल से केवल सुबूत मिटाकर नहीं भागी, बल्कि वह होशोहवास में कीमती जमीनों से जुड़ी 11 फाइलें, 3 स्टांप पेपर, चेकबुक, पासबुक, एटीएम और ड्राइविंग लाइसेंस भी समेट कर ले गई।
आशंका जताई जा रही है कि कंस्ट्रक्शन कारोबार से जुड़े प्रतिद्वंदी बिल्डरों ने सीमा को मोहरा बनाकर इस हत्याकांड को अंजाम दिलवाया हो, ताकि बजरंग की मौत के बाद उन बेशकीमती जमीनों पर कब्जा किया जा सके।
केस में चलेगा स्पीडी ट्रायल: SSP
मामले की गंभीरता को देखते हुए भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि इस पूरे केस को स्पीडी ट्रायल की सूची में शामिल कराया जाएगा। पुलिस कोर्ट से अनुरोध करेगी ताकि मामले में जल्द से जल्द फैसला आए और दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जा सके। फिलहाल, सीमा का अतीत खंगालने के लिए भागलपुर पुलिस पीरपैंती और झारखंड के गोड्डा जिले की पुलिस से भी संपर्क साध रही है।




