
जबलपुर: जमीन की खुदाई में गड़ा सोना मिला है। आपको सस्ते दाम पर दे देंगे। इस नाम पर हरियाणा के गैंग ने जबलपुर के कई डॉक्टरों से बड़ी ठगी की है। जबलपुर पुलिस ने इस मामले में हरियाणा के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनलोगों ने जबलपुर निवासी डॉक्टर समेत तीन लोगों से ठगी की है। सभी को झांसी से गिरफ्तार किया गया है।
एक करोड़ 55 लाख रुपए नकद बरामद
वहीं, जबलपुर पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 करोड़ 55 लाख रुपए नगद बरामद किए हैं। साथ 84 ग्राम असली असली सोने की गिन्नियां, 20 किलो नकली गिन्नियां और 11 मोबाइल बरामद बरामद हुए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पीड़ित ने जबलपुर क्राइम ब्रांच में की थी शिकायत
जबलपुर एसपी संपत उपाध्याय ने कहा कि पीड़ित ने क्राइम ब्रांच थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति उसके क्लिनिक पर इलाज कराने आया था। उसने अपना नाम सोनू प्रजापति बताया था। साथ ही खुद को गरीब बताया। साथ ही कहा कि मैं मजदूरी करता हूं और मुझे गड़ा हुआ सोना मिला है।
पांच सोने की गिन्नियां देकर एक लाख रुपए लिए
आरोपी ने आठ मार्च को डॉक्टर को पांच नग सोने की गिन्नियां दी और एडवांस में एक लाख रुपए लिए। पीड़ित ने जब उन्हें चेक करवाया तो 75 प्रतिशत शुद्ध पाया गया था। आरोपी दूसरे दिन अपने पिता के साथ के साथ पहुंचा और 12 लाख रुपये प्रति किलो के भाव से सौदा तय हुआ था।
12 लाख रुपए किलो के हिसाब से दिए सात किलो सोना
वहीं, सोनू प्रजापति द्वारा उसे कटनी बस स्टैंड में बुलाकर 07 किलो सोना बारह लाख रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से दिया था। पीड़ित ने नौ लाख रुपए से भरा बैग दिया और बचे हुए रुपए तीन महीने में देने का वादा किया। आरोपियों ने डॉक्टर को सात किलो नकली सोने की गिन्नियां देकर उनके साथ 10 लाख रुपए की धोखाधड़ी की।
दूसरे पीड़ित से 50 लाख रुपए की ठगी
वहीं, दूसरे पीड़ित की शिकायत है कि सोनू प्रजापति उसके पास वीरेंद्र राठौर नाम के व्यक्ति का इलाज कराने के बहाने आया। दूसरे दिन वह अपने पिता, मां और भाई के साथ आया। पिता बनकर आए पन्ना लाल ने बताया कि मैं बाहरी व्यक्ति हूं और मजदूरी करता हूं। खुदाई के दौरान भेड़ाघाट में मुझे गड़ा हुआ धन मिला है। चेक करने के लिए उसे असली सोने की गिन्नियां देकर चले गए। इससे संतुष्ट होकर दूसरे डॉक्टर ने 12 लाख रुपए किलो के हिसाब से पांच किलो सोना का सौदा किया। सोने की गिन्नियां लेकर 50 लाख रुपए नगद दे दिए।
तीसरे से एक करोड़ रुपए की ठगी
इसके साथ ही तीसरे पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई है कि वीरेंद्र, पन्ना लाल, रामादेवी और धर्मेंद्र नाम का एक व्यक्ति इलाज कराने के बहाने आए। 12 मार्च को 12 लाख रुपए किलो सोना देना के नाम पर एक करोड़ रुपए की ठगी की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चारों आरोपी एक ही परिवार के है। आरोपियों ने पूछताद के दौरान ठगी की वारदात को कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने पनागर में किराए का मकान लिया है। ठगी की रकम घर में छुपाकर रखी है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पनागर स्थित किराए के मकान की तलाशी लेते हुए 1 करोड़ 55 लाख रुपये नगद, 84 ग्राम असली सोने की गिन्नी, 20 किलो नकली गिन्नियां और 11 मोबाएल जब्त किए।
संपत उपाध्याय, जबलपुर एसपी
हरियाणा के चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
इन शिकायतों के बाद जबलपुर क्राइम ब्रांच की टीम झांसी गई। झांसी से पन्नालाल राठौर, धर्मेंद्र, वीरेंद्र और रानमादेवी को गिरफ्तार किया। ये सभी हरियाणा के फरिदाबाद जिले स्थित आदर्श नगर बल्लभगढ़ के रहने वाले हैं।





