
शिमला: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बाद से भारत समेत दुनिया भर के कई देशों में ऊर्जा संकट धीरे-धीरे गहराने लगा है. वहीं, बात हिमाचल प्रदेश की करे तो राज्य में पहले से ही कमर्शियल एलपीजी गैस की किल्लत चल रही है और अब आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की कमी देखी जा सकती है. ऐसा खुद सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू कह रहे हैं. सीएम ने बताया कि प्रदेश के पास महज 2 सप्ताह का पेट्रोल-डीजल का स्टॉक है.
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, ‘हिमाचल प्रदेश में फिलहाल अभी एलपीजी की कोई कमी नहीं है और पेट्रोल-डीजल भी है. हिमाचल में पेट्रोल-डीजल का स्टॉक 15 दिन का पड़ा हुआ है. निश्चित रूप से आने वाले समय में इसका असर देखने को मिलेगा. इस पर मुख्य सचिव को नजर बनाने को कहा गया है. हर रोज मुख्य सचिव उसका रिव्यू भी कर रहे हैं. फिलहाल हिमाचल प्रदेश में इस तरह का कोई संकट नहीं है, लेकिन कमर्शियल गैस को लेकर शिकायत आ रही है कि कई जगह कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं. इस पर भी नजर बनाए हुए हैं’.
फिलहाल हिमाचल प्रदेश में घरेलू गैस तो मिल रही है, लेकिन कमर्शियल गैस नहीं मिल रही है. हालांकि, हिमाचल प्रदेश में भी फिलहाल पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है, लेकिन हिमाचल के पास 15 दिन का ही पेट्रोल डीजल का स्टॉक है. ऐसे में आने वाले दिनों में हिमाचल प्रदेश में भी पेट्रोल-डीजल की कमी हो सकती है. हालांकि, मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को इस पर नजर बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए हैं.
वहीं, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर द्वारा हिमकेयर योजना की सीटिंग जज से जांच करवाने की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि घोटालों की जांच सिटिंग जज से नहीं होती, बल्कि सरकार की एजेंसी ही इसकी जांच करती है.





