Friday, February 27, 2026
Viral

हिमाचल में बदलेगा मौसम! 4 दिन बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, फरवरी में हुई 83% कम बारिश

हिमाचल में बदलेगा मौसम! 4 दिन बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, फरवरी में हुई 83% कम बारिश

Himachal Weather: प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार 27 फरवरी से अगले चार दिनों तक बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. 27 और 28 फरवरी को अधिक ऊंचे क्षेत्रों में हल्का हिमपात हो सकता है. 1 मार्च को मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन 2 और 3 मार्च को फिर से ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बूंदाबांदी के संकेत हैं.

इन जिलों में दिखेगा असर
पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) का प्रभाव खासतौर पर चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल और स्पीति जिले की ऊंची चोटियों पर नजर आ सकता है. इसके चलते तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है.

हालांकि बदलाव से पहले ही प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. दो दिन पहले औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस अधिक था, जो अब घटकर 3.4 डिग्री अधिक रह गया है. वहीं न्यूनतम तापमान, जो सामान्य से 2.3 डिग्री ज्यादा था, अब 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है.

फरवरी में 83% कम बारिश
इस शीतकालीन सीजन में प्रदेश में अब तक सामान्य से 41 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है. फरवरी माह में स्थिति और चिंताजनक रही. 1 से 25 फरवरी के बीच सामान्य रूप से 86.9 मिमी वर्षा होती है, लेकिन इस बार केवल 14.7 मिमी बारिश दर्ज की गई — यानी 83 प्रतिशत की कमी.

फसलों पर पड़ सकता है असर
कम वर्षा का प्रभाव सेब समेत अन्य फसलों पर पड़ सकता है. बागवानों को समय से पहले फूल आने (अर्ली फ्लॉवरिंग) की चिंता सता रही है, जबकि किसानों को मार्च-अप्रैल में पानी की संभावित कमी की आशंका है.

मौसम विभाग की आगामी अपडेट पर अब सबकी नजर टिकी है, क्योंकि आने वाले दिनों की बारिश-बर्फबारी ही आगे की स्थिति तय करेगी.

Leave a Reply