
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू के बंजार उपमंडल में औट-लुहरी-सैंज राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पर सोझा के नजदीक शनिवार देर रात ट्रैवलर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में करीब 15 पर्यटक सवार थे, जो जलोड़ी जोत से घूमकर लौट रहे थे। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई।
बंजार के एसडीएम पंकज शर्मा ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। साथ ही 11 घायलों को रेस्क्यू किया गया है। घायलों को बंजार अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही बंजार पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा।
घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी हालत के अनुसार आगे रेफर किया जा सकता है। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है और स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में सहयोग कर रहे हैं।
जलोड़ी जोत से लौट रहे थे पर्यटक
बताया जा रहा है कि पर्यटक जलोड़ी जोत से लौट रहे थे, तभी अचानक मौसम खराब हो गया। खस्ताहाल सड़क और फिसलन होने के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रैवलर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी सहित प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल की ओर रवाना हो गए हैं और पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।





