
देहरा (कांगड़ा). हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के देहरा में मंगलवार को नेशनलल हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हुआ. राष्ट्रीय राजमार्ग-03 पर चामुखा के पास हुए इस हादसे में सवारियों से भरी एचआरटीसी बस और एक आल्टो कार की आमने-सामने टक्कर हो गई. घटना की वजह से दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन गई. हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं.जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आल्टो कार के परखच्चे उड़ गए औऱ कार में फंसे घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े.
किसी तरह घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से नादौन सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते चार घायलों को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. इस हादसे में शशि वाला (35) पत्नी राकेश कुमार और सोमा देवी (60) पत्नी भूरी सिंह की दर्दनाक मौत हो गई. दोनों की असामयिक मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मृतकों के घरों में मातम पसरा है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से चामुखा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह का दर्द न झेलना पड़े.





