Saturday, March 28, 2026
Viral

हिमाचल में तीन साल में 150 करोड़ रुपये की ठगी, बैंक कर्मियों की भी मिलीभगत


शिमला। आधुनिक तकनीक के युग में साइबर अपराध तेजी से अपने पांव जमा रहा है। हिमाचल में पिछले तीन सालों में डिजिटल फ्राड के 585 मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में एक अरब, 50 करोड़, 19 लाख, 71 हजार, 939 (1,50,19,71,939) रुपये की ठगी हुई है। विधायक इंद्रदत्त लखनपाल के प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रश्नकाल के दौरान यह जानकारी दी।

कांगड़ा में सबसे ज्यादा मामले
उन्होंने कहा कि ये तो वह मामले हैं, जो दर्ज हुए हैं। कई मामलों में लोग शिकायत भी दर्ज नहीं करवाते। उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा 59 केस कांगड़ा जिले में दर्ज हुए हैं। पुलिस जिला बद्दी में 58, सोलन में 41, मंडी में 30, किन्नौर में 28, सिरमौर में 25, शिमला में 17, ऊना में 13, पुलिस जिला नूरपुर में 12, चंबा और कुल्लू में 10-10, पुलिस जिला देहरा में 8, हमीरपुर में 7 और लाहुल-स्पीति में 4 मामले दर्ज हुए हैं। सबसे कम एक मामला बिलासपुर जिला में दर्ज किया गया है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश के तीन साइबर क्राइम पुलिस थानों में ही डिजिटल फ्रॉड के 262 मामले दर्ज हुए हैं। इनमें साइबर क्राइम पुलिस थाना मंडी में 100, जबकि साइबर पुलिस थाना धर्मशाला और शिमला में 81-81 मामले दर्ज किए गए हैं।

बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत, 4 गिरफ्तार
मुख्यमंत्री ने बताया कि कुछ मामलों में बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत या लापरवाही भी सामने आई है। ऐसे मामलों में चार बैंक कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि डिजिटल ठगी के मामलों में कुल 258 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है और लगभग 10 करोड़ 25 लाख 39 हजार 180 रुपये की रकम भी बरामद की गई है।

कहां पर ठगी की राशि सबसे ज्यादा
ठगी की रकम के मामले में साइबर पुलिस स्टेशन शिमला में सबसे ज्यादा 55 करोड़ 62 लाख 12 हजार 20 रुपये की ठगी दर्ज की गई है। इसके अलावा साइबर पुलिस स्टेशन मंडी में 33 करोड़ 64 लाख 32 हजार 848 रुपये और साइबर पुलिस स्टेशन धर्मशाला में 25 करोड़ 91 लाख 98 हजार 466 रुपये की ठगी हुई है।

चंबा जिले में 12 करोड़ 95 लाख 86 हजार 902 रुपये, सोलन में 4 करोड़ 90 लाख 95 हजार 219 रुपये, पुलिस जिला बद्दी में 3 करोड़ 68 लाख 94 हजार 122 रुपये, कांगड़ा में 2 करोड़ 60 लाख 16 हजार 406 रुपये, सिरमौर में 2 करोड़ 30 लाख 9 हजार 634 रुपये और मंडी जिले में 2 करोड़ 28 लाख 26 हजार 271 रुपये की ठगी सामने आई है। बिलासपुर जिले में सबसे कम 14 लाख 90 हजार रुपये की ठगी दर्ज की गई है।

किस जिला में कितनी गिरफ्तारी
गिरफ्तारियों के जिलेवार आंकड़ों के अनुसार चंबा में 15, कांगड़ा में 28, लाहुल-स्पीति में 4, मंडी में 2, सोलन में 20, सिरमौर में 24, किन्नौर में 19, पुलिस जिला बद्दी में 29, पुलिस जिला नूरपुर में 1, साइबर पुलिस स्टेशन शिमला में 11, साइबर पुलिस स्टेशन मंडी में 49 और साइबर पुलिस स्टेशन धर्मशाला में 55 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन गिरफ्तार लोगों में चार बैंक कर्मचारी भी शामिल हैं।

146 पुलिस थानों में साइबर हेल्प डेस्क
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि आज हम तकनीक के दौर में है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का दौर है। डिजिटल धोखाधड़ी के मामले सामने आ रहे हैं। राज्य सरकार इन मामलों से निपटने के लिए लगातार कदम उठा रही है। प्रदेश के 146 पुलिस थानों में साइबर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा आठ अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा चुका है और 29 अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply