
किरतपुर/नंगल। हिमाचल प्रदेश में एंट्री टोल टैक्स के विरोध ने अब उग्र रूप ले लिया है। किरतपुर साहिब-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शनकारियों ने जाम लगाकर धरना शुरू कर दिया है, जिसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। डैनी मार्ग के टी प्वाइंट पर लगाए गए इस जाम ने क्षेत्र के चारों तरफ से संपर्क मार्गों को प्रभावित कर दिया है।
धरने को उस समय और बल मिला जब भरमौर पांगी विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक डा. जनक राज भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों के साथ बैठकर समर्थन जताया। उन्होंने प्रदर्शनकारियों का समर्थन करते हुए कहा कि अगर हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार बनती है, तो इन टैक्सों को खत्म कर दिया जाएगा।
आंदोलन लंबे समय से लटकी मांगों का परिणाम
धरने के दौरान इलाका संघर्ष कमेटी के कोऑर्डिनेटर एडवोकेट परमजीत सिंह ने कहा कि यह आंदोलन लंबे समय से चल रही मांगों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि 9 जून 2025 को नंगल नगर कौंसिल में प्रस्ताव पारित कर पंजाब सरकार से हिमाचल के वाहनों पर भी टोल टैक्स लगाने की अनुमति मांगी गई थी, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उनका कहना है कि यदि उस समय पारस्परिक आधार पर टैक्स लागू कर दिया जाता तो आज लोगों को सड़कों पर उतरने की जरूरत नहीं पड़ती। एडवोकेट परमजीत सिंह ने हिमाचल सरकार के इस फैसले को जबरन थोपना बताया और कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस प्रकार का टैक्स लगाना नियमों के खिलाफ है। उन्होंने इसे सीधे तौर पर धक्केशाही करार देते हुए कहा कि इससे पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों के लाखों लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है और उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
दोनों प्रदेशों के आपसी संबंध प्रभावित होंगे
प्रदर्शनकारियों का यह भी कहना है कि इस फैसले का असर केवल आम जनता तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे पंजाब और हिमाचल के बीच आपसी संबंध भी प्रभावित हो रहे हैं। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है, जो दोनों राज्यों के लिए चिंता का विषय बन चुका है।
धरने में टैक्सी यूनियन और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए, जिन्होंने एकजुट होकर इस फैसले का विरोध किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन फिलहाल जाम और धरना जारी है।





