
हरियाणा के फरीदाबादा से पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले गैंग के एक सदस्य को गाजियाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान नौशाद अली उर्फ लालू के रूप में हुई है, जो गांव नचौली स्थित एक पेट्रोल पंप पर पिछले तीन महीनों से पंचर बनाने की दुकान चला रहा था.
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 16 मार्च को की गई. टीम सादे कपड़ों में मौके पर पहुंची और पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान की गई. इसके बाद उसे हिरासत में लेकर मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया.
जांच में सामने आया है कि यह गैंग देश के संवेदनशील इलाकों, जैसे रेलवे स्टेशन और सुरक्षा बलों के ठिकानों की फोटो और वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेजता था. इसके बदले आरोपियों को प्रति फोटो 4 से 6 हजार रुपये मिलते थे.
इस गैंग का सरगना सुहेल मलिक उर्फ रोमियो (मेरठ) बताया जा रहा है. अब तक इस नेटवर्क से जुड़े 22 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि कई अन्य से पूछताछ जारी है. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गैंग ने दिल्ली, हरियाणा और अन्य स्थानों पर करीब 50 सोलर कैमरे लगाने की योजना बनाई थी. कुछ स्थानों—जैसे दिल्ली कैंट और सोनीपत रेलवे स्टेशन—पर कैमरे लगाए भी गए थे, जिनका एक्सेस सीधे पाकिस्तान तक था. अब तक 450 से ज्यादा फोटो और वीडियो पाकिस्तान भेजे जाने की बात सामने आई है. इन कैमरों को बरामद कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है.
दुकान के पीछे की साजिश
जानकारी के मुताबिक, आरोपी नौशाद को पहले से जानने वाले लोगों के जरिए पेट्रोल पंप पर दुकान खुलवाई गई थी, ताकि वह स्थानीय स्तर पर रहकर आसानी से जासूसी गतिविधियां चला सके. इस मामले में यूपी पुलिस, एटीएस, दिल्ली पुलिस और हरियाणा पुलिस संयुक्त रूप से जांच कर रही हैं. पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है और आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं.





