
हरियाणा में रसोई गैस की किल्लत को दूर करने के लिए सरकार चौकस हो गई है। पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को जहां एलपीजी (लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस) की आपूर्ति नहीं की जाएगी, वहीं रसोई गैस की कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध सरकार ने कड़ी कार्रवाई आरंभ कर दी है।
पूरे प्रदेश में आठ एफआइआर दर्ज की जा चुकी हैं, जिनमें 52 आरोपितों की संलिप्तता पाई गई और 825 सिलिंडर जब्त किए गए हैं। मुख्य सचिव के निर्देश पर गुरुग्राम, सोनीपत, रेवाड़ी, फरीदाबाद तथा करनाल व हिसार समेत विभिन्न शहरों में पीएनजी का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं के एलपीजी गैस के कनेक्शन काटने की प्रक्रिया चालू की जा चुकी है।
हरियाणा सरकार ने गैस आपूर्ति करने वाली कंपनियों ने पूरा डाटा मंगवाकर जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों के पास कार्यवाही के लिए भेजा जा चुका है। हरियाणा में डेढ़ लाख से अधिक लोग हैं, जो घर में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन लेने के बाद भी रसोई गैस के सिलिंडर एजेंसियों से प्राप्त करते हैं।
अनियमितता सामने आने पर होगा एक्शन
हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर ने मंगलवार को चंडीगढ़ में कहा कि एलपीजी गैस की आपूर्ति में किसी भी तरह की अनियमितता सामने आने पर तुरंत एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि एलपीजी सिलिंडर की सप्लाई को लेकर राज्य में स्थिति सामान्य है। नागरिकों को किसी भी तरह के पैनिक की आवश्यकता नहीं है।
खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री ने कहा कि मिडिल ईस्ट में उत्पन्न युद्ध जैसी परिस्थितियों में शरारती एवं षड्यंत्रकारी तत्व अफवाह फैला रहे हैं। सरकार ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई कर रही है।
सबसे ज्यादा झज्जर में बरामद हुए सिलिंडर
जब्त किए गए कुल 825 घरेलू एलपीजी सिलिंडरों में झज्जर जिले से 131, महेंद्रगढ़ जिले से 109, अंबाला से 86, भिवानी से 21, फरीदाबाद से दो,
फतेहाबाद से 71, गुरुग्राम से 75, हिसार से 39, जींद से 17, कैथल से 10, करनाल से 44, कुरुक्षेत्र से 21, नूंह से 16, पानीपत से 23, रेवाड़ी से 21, रोहतक से 98, सिरसा से 12, सोनीपत से 12 और यमुनानगर से 17 सिलिंडर शामिल हैं। फरीदाबाद में सात और सोनीपत में एक एफआइआर दर्ज की गई है, जबकि तीन वाहन भी पकड़े गए हैं।
61034 घरेलू सिलिंडरों की सप्लाई की गई
राजेश नागर ने बताया कि राज्य भर में ऑयल कंपनियों द्वारा पिछले छह दिनों में 14.2 किलो के कुल 61034 घरेलू गैस सिलिंडरों की सप्लाई की गई है। वर्तमान में राज्य भर में बाटलिंग प्लांट्स पर घरेलू एलपीजी गैस सिलिंडरों की कुल भंडार संख्या 9 लाख 82 हजार 212 है।
कमर्शियल आयल कंपनियों द्वारा पिछले 25 दिनों 19 किलो के कुल 848 कमर्शियल सिलिंडरों की सप्लाई की गई है। वर्तमान में राज्य भर में बाटलिंग प्लांट्स पर कमर्शियल एलपीजी गैस सिलिंडरों की कुल भंडार संख्या 1 लाख 79 हजार 566 है।





