Saturday, March 28, 2026
Viral

हरियाणा में 20 लाख हड़पने के बाद वीजा एजेंट दे रहे थे धमकियां, महिला ने जहर निगल दी जान


थाना सदर पिहोवा क्षेत्र में वीजा एजेंट से परेशान होकर एक महिला ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान गांव अधोया निवासी 44 वर्षीय मलकीत कौर के रूप में हुई।

आरोप है कि महिला ने अपने बेटे को ऑस्ट्रेलिया भेजने के लिए चंडीगढ़ स्थित एक वीजा एजेंसी को 20 लाख रुपये दिए थे लेकिन न तो वीजा लगा और न ही पैसे वापस किए गए। उल्टा एजेंट द्वारा लगातार धमकियां दी जा रही थीं, जिससे तंग आकर महिला ने यह कदम उठाया।

स्वजन के अनुसार मलकीत कौर का इकलौता बेटा जश्नप्रीत सिंह विदेश जाने की तैयारी कर रहा था। परिवार ने उसके बेहतर भविष्य के लिए अपनी जमा पूंजी दांव पर लगाकर उसे ऑस्ट्रेलिया भेजने का फैसला किया था। मलकीत कौर की बेटी शगुनप्रीत कौर पहले से विदेश में रह रही है। उसी के माध्यम से परिवार चंडीगढ़ की एक एजेंसी के संपर्क में आया।

धमकियों से परेशान होकर मलकीत कौर ने उठाया यह कदम
पैसे लेने के बाद एजेंटों ने न केवल काम करना बंद कर दिया बल्कि परिवार को धमकाना भी शुरू कर दिया। जब मलकीत कौर ने फोन पर एजेंटों से पैसे और दस्तावेज वापस मांगे, तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। स्वजन ने बताया कि मलकीत कौर ने 21 मार्च को भी एजेंट से संपर्क किया, लेकिन तब भी उन्हें धमकियां ही मिलीं।

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply