Viral

हरियाणा में रुकने को कहा तो पुलिसकर्मी की जान से खेल गया नाबालिग, बोनट पर लटका दौड़ाई कार, CCTV में कैद


करनाल: हरियाणा के करनाल के सेक्टर-6 स्थित सरकारी कॉलेज चौक पर ड्यूटी कर रहे एक पुलिसकर्मी को तेज रफ्तार काले शीशों वाली कार ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिसकर्मी कार के बोनट पर जा गिरा और चालक उसे काफी दूरी तक लेकर गया. राहत की बात रही कि वह नीचे नहीं गिरा, वरना बड़ा हादसा हो सकता था. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. पुलिस ने आरोपी को ट्रेस किया और जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया.

रोकने का इशारा किया, नहीं रुका चालक
जानकारी के अनुसार, बीते शनिवार को पुलिसकर्मी कुलबीर सिंह सेक्टर-6 के सरकारी कॉलेज चौक पर ड्यूटी पर तैनात थे. वह कुछ समय पहले ही भर्ती हुए थे. उनकी ड्यूटी सेक्टर-7 में ट्रैफिक चौक पर लगी हुई थी. इसी दौरान काले शीशों वाली एक कार वहां से गुजर रही थी. पुलिसकर्मी ने गाड़ी को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज रफ्तार में आगे बढ़ गया. इसी दौरान कार ने पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी.

बोनट पर लटककर बचाई अपनी जान
टक्कर लगते ही पुलिसकर्मी कार के बोनट पर जा गिरा और खुद को संभालने के लिए बोनट पकड़कर लटक गया. चालक ने गाड़ी की रफ्तार कम नहीं की और उसे काफी दूरी तक लेकर गया. गनीमत रही कि पुलिसकर्मी नीचे नहीं गिरा, वरना गंभीर हादसा हो सकता था.

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई. फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि पुलिसकर्मी कार के बोनट पर लटका हुआ है. कुछ दूरी पर जाकर चालक ने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे पुलिसकर्मी नीचे कूद गया. इसके बाद भी वह गाड़ी को रोकने की कोशिश करता नजर आया. सीसीटीवी में यह भी दिखा कि चालक ने गाड़ी को पीछे किया और मौके से फरार हो गया. इस दौरान एक अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गया और तुरंत वायरलेस के माध्यम से सूचना दी गई.

पुलिस ने गाड़ी पकड़ी, नाबालिग निकला चालक
सेक्टर-32-33 थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच में सामने आया कि कार चला रहा लड़का नाबालिग था और उसके साथ एक नाबालिग लड़की भी मौजूद थी. कार पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी. थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने आज आरोपी को ट्रेस किया है और गाड़ी भी जब्त कर ली है. आरोपी को आज जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया है. मामले की जांच जारी है.

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply