Viral

हरियाणा में बेटे के लव मैरिज पर गुस्साए पति ने पत्नी पर चलाई गोली, छोटे बेटे की शादी में दिया था न्योता


फरीदाबाद। सेक्टर-74 स्थित मिर्जापुर डेयरी इलाके में बेटे के प्रेम विवाह से नाराज पिता ने लाइसेंसी पिस्टल से अपनी पत्नी पर गोली चला दी, इसमें वह बाल-बाल बची। महिला ने अपने पति, सास समेत कई लोगों पर साजिश रचकर जान से मारने की कोशिश और बाद में दबाव बनाकर राजीनामा कराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

बड़े बेटे को न्योता देना बना गुनाह
सेक्टर-74 निवासी चंदरवती ने दी शिकायत में बताया कि उसके बेटे कुलदीप ने कुछ दिन पहले प्रेम विवाह कर लिया था। तब से वह घर से दूर रह रहा था। नौ मार्च को छोटे बेटे विवेक की शादी थी। उसने उसी दिन बड़े बेटे कुलदीप को पत्नी के साथ शादी समारोह में बुला लिया। यहां परिवार ने दोनों बेटों की पत्नियों के साथ वरमाला और फेरे करा दिए।

इससे चंदरवती का पति जसवंत काफी नाराज हो गया। वह बेटे के प्रेम विवाह से खुश नहीं था। आरोप है कि 13 मार्च की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच घर पर मौजूद होने के दौरान जसवंत ने पिस्टल से चंदरवती पर गोली चलाई। वह बाल-बाल बच गई और गोली कार में पीछे लगे शीशे में लगी, जिससे वह टूट गया।

फिर बेटे और बहू पर भी तान दी गोली
चंदरवती का कहना है कि घटना के बाद सबूत मिटाने के लिए टूटे शीशे को बदलवा दिया। हालांकि, गोली से टूटे शीशे की वीडियो फुटेज उसके पास मौजूद है। आरोप है कि इसके बाद आरोपित ने बेटे कुलदीप की तरफ पिस्टल तानकर उसे और उसकी पत्नी को जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में सास सतवीरी देवी सहित रिश्तेदारों भीम, श्याम सिंह और भरती सिंह पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।

जान से मारने की दे रहे धमकी
चंदरवती के अनुसार उसने गोली चलने के बाद डायल 112 पर काॅल की थी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित तथा पिस्टल को लेकर थाने गई, लेकिन घरवालों और पुलिस ने दबाव बनाकर उससे शिकायत वापस करा दी। महिला ने आगे बताया कि घटना के बाद से लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं और उसे घर में भी नहीं रहने दिया जा रहा। इसलिए उसने दोबारा शिकायत दी।

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply