
हरियाणा के पलवल के गांव पातली में पुरानी रंजिश को लेकर जमकर गोलियां चली. इसमें गोली लगने से एक पक्ष के दो युवक गभीरं रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। एक पक्ष पर दूसरे पक्ष की ओर से अंधाधुंध गोलियां चलाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. फिलहाल शहर थाना पुलिस इस मामले की गहनता से जांच में जुटी है.
जानकारी के अनुसार, पलवल के गांव पातली में यह घटना पेश आई है. गांव में दो परिवारों के बीच रंजिश चल रही थी. एक पक्ष के नरेश कुमार ने आरोप लगाया कि गांव का ही राजकुमार, चंद्रपाल और उसके परिवार के सदस्य उनसे रंजिश रखते हैं. उसी रंजिश के चलते राजकुमार, उसके परिवार के सदस्य अपने साथियों के साथ हथियार से लैस होकर आए और घर के बाहर उन पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दी. इस दौरान गोली लगने से उसके दो भाई प्रदीप और शितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है.
घायल युवकों के भाई नरेश कुमार का कहना है कि यह सभी लोग बदमाश किस्म के है और उन पर पहले भी जानलेवा हमला कर चुके हैं. इसकी शिकायत भी पहले थाने में दी थी. इतना ही, होली के पर्व पर भी उनके साथ वारदात की गई, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई न होने के चलते इन लोगों के हौसले बुलंद हैं और आज इन्होंने फिर से उनके साथ इस वारदात को अंजाम दिया है.
पलवल के सरकारी अस्पताल के डॉक्टर अमित कुमार ने बताया कि पलवल के गांव पातली में झग़डा हुआ और गोली लगने से घायल हुए दो युवक अस्पताल में लाए गए थे. उन्हें उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है. झग़डे में एक और व्यक्ति भी घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है. उधर, वारदात की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस भी मौके पर पहुँच गई और मामले की गहनता से जांच में जुट गई है.





