Wednesday, February 25, 2026
CrimeViral

हत्या या कुछ और? ‘मुझे पावर दो, मैं खुद इंसाफ कर लूंगा’, छोटे भाई की संदिग्ध मौत पर पुलिस पर बरसा फौजी जवान

हत्या या कुछ और? ‘मुझे पावर दो, मैं खुद इंसाफ कर लूंगा’, छोटे भाई की संदिग्ध मौत पर पुलिस पर बरसा फौजी जवान

चंबा. हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में युवक की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ने लगा है. बरौर पंचायत के चमीणु गांव में सड़क किनारे युवक का शवमिला था. दो दिन पहले हुई इस घटना के बाद लोग उग्र हैं. लोगों का आरोप है कि युवगक की हत्या की गई थी. ऐसे में अब परिजन और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोला है. सोमवार को युवक का फौजी भाई भी सेना की वर्दी में घर पहुंचा औऱ प्रशासन पर सवाल खड़े किए और धरना दिया.

दरअसल, परिजनों का कहना है कि युवक की मौत सामान्य दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है. इससे पहले भी मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस थाना चंबा में प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच की मांग की थी. उस समय पुलिस के आश्वासन पर प्रदर्शन स्थगित कर दिया गया था, लेकिन परिजनों का आरोप है कि अब तक मामले में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई.

सोमवार को मामले ने नया मोड़ ले लिया और मृतक का फौजी जवान भाई अनिल कुमार सेना की वर्दी में ही चंबा मुख्यालय के मुख्य चौक पर धरने पर बैठ गया. उसके समर्थन में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्र हुए और करीब डेढ़ घंटे तक मुख्य चौक पर चक्का जाम कर दिया. इस दौरान यातायात पूरी तरह बाधित रहा. सड़क के दोनों ओर लंबी कतारों में वाहन खड़े रहे, जिनमें स्कूल बसें भी शामिल थीं.

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को निष्पक्ष व गहन जांच का भरोसा दिलाया. आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया और यातायात बहाल हुआ. ग्रामीणों का आरोप है कि मृतक को गांव में चल रहे सड़क निर्माण विवाद को लेकर पहले से धमकियां मिल रही थीं. इस संबंध में पुलिस और प्रशासन को शिकायत भी दी गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई. उनका कहना है कि यदि पहले सख्त कदम उठाए जाते तो यह घटना टाली जा सकती थी.

मृतक के भाई अनिल कुमार ने कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी कर सख्त पूछताछ नहीं की जाती और दोषियों को सजा नहीं दिलाई जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने चेतावनी दी कि चंबा शांतिप्रिय जिला है, लेकिन इस तरह की घटनाओं से कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो सकती है.

फौजी भाई ने सीबीआई जांच की मांग की
फौजी भाई ने सीबीआई जांच की मांग की और कहा कि हमारे पास वीडियो हैं औऱ वे लोग जेल में होने चाहिए. अगर आपके पास पावर नहीं है तो मैं छुट्टी पर आया हूं और मैं खुद इंसाफ कर लूंगा. इतना हक में रखता हूं और मुझे परमिशन चाहिए. फिर हम जो करेंगे वो तरीके से करेंगे. फौजी भाई ने कहा कि सड़क की वजह से मेरे भाई की हत्या की गई है. फौजी ने कहा कि डीसी के पास भी गए थे और रोए भी. ये मामला बड़ा बन सकता है. प्रशासन देरी कर रहा है और आरोपियों से मिला हुआ है. पांच साल से प्रशासन के पास चक्कर काट रहे थे. फौजी ने कहा कि सरकारी जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा किया था और वह रोड बनने नहीं दे रहे थे.

फौजी ने कहा कि हालांकि, हमने किसी का घर गिराने के लिए नहीं कहा था और हमें बस रोड चाहिए था. हमें रोड की अनुमति भी मिल गई थी औऱ लोगों ने चंदा डालकर रोड निकाल रहे थे. इस रोड की वजह से उनके भाई की हत्या की गई थी. उनके भाई को धमकियां मिल रही थी. उन्होंने 14 जनवरी 2026 को 1100 नंबर पर भी शिकायत की थी. फौजी भाई ने पुलिस के जांच अधिकारी दीप पर आरोप लगाया कि उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की. उधर, अब सबकी नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि मामले में क्या तथ्य सामने आते हैं और यदि हत्या के प्रमाण मिलते हैं तो दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है. हालांकि, पुलिस की तरफ से इस संबंध में कोई बयान नहीं आय़ा है.

क्या है पूरा मामला
दरअसल, बीते शुक्रवार रात को छमैरी गांव के रहने वाले सोनू (35) की लाश मिली थी. लाश से काफी दूर उसका मोबाइल फोन मिला था. सोनू का शव नाले में मिला था. इस मामले में पांच संदिग्धों से आरोप लगाए गए हैं. हालांकि, अब तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की खबर नहीं हैं.

Leave a Reply