बॉलीवुड अभिनेत्री सोनम कपूर और उनके पति बिजनेसमैन आनंद आहूजा हाल ही में दूसरी बार माता-पिता बने हैं। अभिनेत्री ने बेटे को जन्म दिया और उसका नाम रुद्रलोक रखा। बता दें कि इस कपल के मुंबई के साथ-साथ दिल्ली और लंदन में भी घर है, जहां ये लोग अक्सर आते-जाते रहते हैं। कपल का लंदन वाला घर वहां के सबसे पॉश इलाके नॉटिंग हिल में बना हुआ है। अब डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, तीन साल पहले खरीदा गया उनका यह बड़ा घर पड़ोसियों के साथ विवाद का कारण बन गया है।

270 करोड़ रुपये में खरीदा था घर
बताया जा रहा है कि इलाके के कुछ लोग इस प्रॉपर्टी को लेकर नाराज हैं और मामला धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है।रि पोर्ट के अनुसार, सोनम कपूर और उनके पति आनंद आहूजा ने 2023 में लंदन के नॉटिंग हिल इलाके में 200 साल पुरानी एक आलीशान हवेली खरीदी थी। इस घर की कीमत करीब 21 मिलियन पाउंड यानी लगभग 270 करोड़ रुपये बताई गई।
यह भी पढ़ें:
घर खरीदने के बाद कपल ने इसके अंदर बड़े बदलाव करने की योजना बनाई। खबरों के मुताबिक, वे घर की बाहरी दीवारों को वैसा ही रखना चाहते थे, लेकिन अंदर का पूरा हिस्सा नए तरीके से बनाना चाहते थे। उनकी योजना में बेसमेंट में स्विमिंग पूल और जमीन के नीचे बास्केटबॉल कोर्ट बनाने का प्रस्ताव भी शामिल था।
रेनोवेशन प्लान को मिली मंजूरी
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि करीब तीन साल तक चले विवाद, आपत्तियों और अपीलों के बाद इस महीने की शुरुआत में आखिरकार घर के रेनोवेशन प्लान को मंजूरी मिल गई। लेकिन इसके बाद पड़ोस में रहने वाले लोगों के साथ तनाव और बढ़ गया है। डेली मेल के मुताबिक, कपल से जुड़ी एक कंपनी ने पास की रिहायशी बिल्डिंग ‘हिलक्रेस्ट’ में करीब 4 मिलियन पाउंड (लगभग 51 करोड़ रुपये) में पांच फ्लैट भी खरीदे हैं। कुछ स्थानीय लोगों का दावा है कि इन फ्लैट्स का इस्तेमाल हवेली में काम करने वाले स्टाफ के रहने के लिए किया जा सकता है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि इलाके के कुछ लोगों का कहना है कि कपल की दौलत और प्रभाव की वजह से वे खुलकर विरोध करने में असहज महसूस कर रहे हैं। एक स्थानीय निवासी ने डेली मेल से कहा, “हमें ऐसा महसूस कराया जा रहा है कि हम अपनी बात खुलकर नहीं रख सकते, क्योंकि वे बहुत ताकतवर लोग हैं। हमने यहां एक अच्छा समुदाय बनाया था, लेकिन अब सब बदलता दिख रहा है, क्योंकि कुछ अरबपति लोग इस जगह को अपने शौक की जगह बनाना चाहते हैं।”
पड़ोसियों ने जताई आपत्ति
एक निवासी ने आगे कहा, “अगर वे यहां तथाकथित ‘सोशल हाउसिंग’ के लिए लोगों को लाते हैं, तो माहौल और बदल जाएगा। यह एक अजीब तरह की धमकी लगती है। पूरा मामला ठीक नहीं लग रहा। कुछ फ्लैट्स में अभी कोई रह भी नहीं रहा है। कुछ की मरम्मत चल रही है। लेकिन पर्दे के पीछे से उनका यहां होने वाली चीजों पर असर है। यह कैसे सही माना जा सकता है?”
Khabar Monkey
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि निवासियों को कथित तौर पर एक निजी बैठक के दौरान चेतावनी दी गई थी कि लगातार आपत्तियां उठाने पर फ्लैटों को “सोशल हाउसिंग” के लिए खोल दिया जा सकता है। एक अन्य निवासी ने दावा किया कि घर के मालिकों को डर था कि अगर वे इस मामले पर मीडिया से बात करना जारी रखेंगे, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
हालांकि, हर निवासी ने इस डेवलपमेंट का विरोध नहीं किया। एक पड़ोसी ने इस कपल का बचाव करते हुए इस विवाद को राई का पहाड़ बताया और कहा कि इस तरह के झगड़े लंदन जैसे शहर में रहने का हिस्सा हैं। डेली मेल ने आगे बताया कि माना जा रहा है कि इस कपल ने हवेली के रेनोवेशन के काम पर पहले ही लगभग 4.7 मिलियन पाउंड (लगभग 60 करोड़ रुपये) खर्च कर दिए हैं। नई खरीदी गई प्रॉपर्टी के अलावा, सोनम और आनंद के पास नॉटिंग हिल में एक और अपार्टमेंट और स्टूडियो भी है।
यह भी पढ़ें:





