अमेजन ने 250 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है. यह कटौती कंपनी के ‘डिवाइस यूनिट’ में की गई है, जो किंडल ईरीडर और इको स्मार्ट स्पीकर जैसे प्रोडक्ट बनाती है. इस छंटनी का सबसे ज्यादा असर सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट से जुड़े पदों पर पड़ा है. रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेजन ने प्रभावित कर्मचारियों को सुबहसुबह ईमेल और टेक्स्ट मैसेज भेजकर नौकरी से निकाले जाने की जानकारी दी. रिपोर्ट में अमेजन की वाइस प्रेसिडेंट चेरी रॉबिन्सन के एक ईमेल का जिक्र है. रॉबिन्सन ने बताया कि कंपनी ने अपने “स्ट्रक्चर की गहन समीक्षा” की है, जिसके चलते कुछ पदों को खत्म करने का फैसला लिया गया.

छंटनी के मामलों में सुबहसुबह ईमेल भेजना कोई नई बात नहीं है. इससे पहले मेटा और ओरेकल जैसी कंपनियों ने भी इसी तरह ईमेल के जरिए कर्मचारियों को नौकरी से निकाले जाने की सूचना दी थी. अमेजन ने एक बयान में इस छंटनी की पुष्टि की है. कंपनी के एक प्रवक्ता ने कहा कि हमने कुछ पदों को खत्म करने का मुश्किल फैसला लिया है. वैसे कंपनी ने यह नहीं बताया कि कितने पदों पर असर पड़ा है, लेकिन रिपोर्ट के अनुसार 250 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला गया है.
अमेजन कर्मचारियों को क्यों निकाल रहा है?
प्रवक्ता के अनुसार, इस छंटनी से अमेजन को “अधिक कुशलता से काम करने और अपने प्रोडक्ट रोडमैप के साथ बेहतर तालमेल बिठाने” में मदद मिलेगी. इस फैसले से एक दिन पहले, अमेजन ने अपनी इंजीनियरिंग लीडरशिप का सितंबर का एक मेमो जारी किया था, जिसमें AI के दौर में डेवलपर्स की भूमिका पर चर्चा की गई थी. मेमो में कहा गया है कि हम सभी को इस बदलाव को अपनाना होगा और सीखने के लिए समय निकालना होगा, वरना हम पीछे छूट सकते हैं. इसमें यह भी कहा गया कि सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग के काम में AI सबसे अहम भूमिका निभाएगा. यह छंटनी ऐसे समय में हुई है जब अमेजन ने एलेक्सा पर चलने वाले पांच नए डिवाइस पेश किए हैं. इनमें नए डिजाइन वाला ‘इको शो 16’ स्मार्ट डिस्प्ले, ‘एलेक्सा फोटो फ्रेम’ और बेडसाइड पर रखने वाली ‘इको टाइम’ घड़ी शामिल हैं. इन डिवाइस को कंपनी की ‘डिवाइस यूनिट’ ने ही तैयार किया है.
अमेजन पहले भी कर चुका है ये काम
इससे पहले, इसी महीने अमेजन ने अपने मुख्य रिटेल डिवीजन से लगभग 1,000 कर्मचारियों को निकालने का फ़ैसला लिया था. जनवरी में कंपनी ने 16,000 पदों में कटौती की घोषणा की थी, जबकि पिछले साल अक्टूबर में भी 14,000 लोगों को नौकरी से निकाला गया था. वहीं दूसरी ओर, कंपनी AI के क्षेत्र में अरबों डॉलर का निवेश कर रही है. माना जा रहा है कि अमेजन अकेले इस साल AI में 220 अरब डॉलर तक का निवेश कर सकता है. लेकिन अमेजन अकेली ऐसी कंपनी नहीं है जो नौकरियां कम कर रही है. Layoffs.fyi के अनुसार, अकेले इस साल 1,35,000 से ज्यादा टेक नौकरियां खत्म हो चुकी हैं. हाल ही में, ड्रॉपबॉक्स ने घोषणा की कि वह अपने ग्लोबल वर्कफोर्स का 9 प्रतिशत हिस्सा कम कर रहा है. दूसरी ओर, माइक्रोसॉफ्ट ने लगभग 60,000 कर्मचारियों को जो कि उसके कुल वर्कफोर्स का एकचौथाई हिस्सा है स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने का विकल्प दिया है.