Moradabad Crime News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के मैनाठेर थाना इलाके के तहारपुर गांव में पारिवारिक विवाद, शक और दहेज के दानव ने एक हंसतेखेलते परिवार को उजाड़ कर रख दिया है. पेशे से ट्रक चालक फाजिल ने मामूली विवाद और नशे की धुन में अपनी 25 वर्षीया पत्नी हुमा की बेहद बेदर्दी से हत्या कर दी. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अपने ही मासूम बच्चों के सामने अंजाम दिया.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने और मृतका के चेहरे व शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की है. मृतका के पिता इब्ने हसन की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति फाजिल, ससुर साजिद, सास रेहाना और देवर जिलानी व रब्बानी समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गहराई से जांच जारी है और संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
खौफनाक वारदात की पूरी कहानी
परिजनों के अनुसार, शादी के कई सालों बाद से ही फाजिल और हुमा के रिश्ते में तल्खी बनी हुई थी. फाजिल अपनी पत्नी पर शक करता था और अक्सर मारपीट पर उतारू हो जाता था. घटना की रात हुमा के बिना बताए घर से बाहर जाने को लेकर दोनों में तीखा विवाद हुआ. रात भर मारपीट के बाद अगली सुबह तड़के फाजिल ने गालीगलौज करते हुए लाठीडंडों से हुमा की पिटाई कर दी. इसके बाद उसने हुमा के ही दुपट्टे से उसका गला तब तक घोंटा जब तक कि उसकी सांसें नहीं थम गईं.
इस दौरान दंपति के तीनों मासूम बच्चे अपनी मां को बचाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन सिरफिरे पति पर इसका कोई असर नहीं हुआ. हत्या के तुरंत बाद आरोपी ने वारदात पर पर्दा डालने के लिए शव को फंदे से लटका दिया और मासूम बच्चों को किसी से भी कुछ न कहने की धमकी दी गई. इसके बाद वह खुद मैनाठेर थाने पहुंचा और पुलिस को पत्नी के खुदकुशी करने की झूठी कहानी सुनाई.
नामजद आरोपियों पर कसा जा रहा शिकंजा
हालांकि, जब मायके वाले और पुलिस मौके पर पहुंची तो मृतका के शरीर पर बने चोट के निशानों ने सच बयां कर दिया. फॉरेंसिक जांच और शाम को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने साफ कर दिया कि मामला आत्महत्या का नहीं, बल्कि बेरहमी से की गई हत्या का है. फिलहाल एसपी देहात के निर्देशन में पुलिस पूरी मुस्तैदी से नामजद आरोपियों पर शिकंजा कस रही है.