क्या आप बिना वीजा के किसी नई जगह घूमने का प्लान बना रहे हैं? हिंद महासागर में एक ऐसा द्वीप है जहां भारतीय बिना वीजा के 15 दिनों तक घूम सकते हैं. यह जगह अपनी प्राकृतिक सुंदरता और साहसिक गतिविधियों के लिए जानी जाती है, और अब यहां पहुंचना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है. हम यहां फ्रांस के आइलैंड रीयूनियन की बाद कर रहे हैं जो हरेभरे जंगल, वाटर फॉल और एंडवेंचर टूरिज्म के लिए फेमस है.

खास बात है कि भारतीय यहां अब सीधी उड़ान से पहुंच सकते हैं. क्या आप वीजा फ्री डेस्टिनेशन के लिए सर्च कर रहे हैं? चलिए आपको बताते हैं इस आइलैंड से जुड़ी रोचक बातें…
रीयूनियन द्वीप: एक अनोखा ठिकाना
यह अनोखा ठिकाना रीयूनियन द्वीप है, जो फ्रांस का एक विदेशी क्षेत्र है. यह हिंद महासागर में स्थित है और इस पर अफ्रीकी, भारतीय, चीनी और यूरोपीय संस्कृतियों का प्रभाव दिखता है. यहां के समुद्र तट, झरने और एक सक्रिय ज्वालामुखी पर्यटकों को खूब पसंद आते हैं. सोशल मीडिया पर ‘Indians who headout’ नामक अकाउंट द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में इस जगह की खूबसूरती दिखाई गई है.
यहां क्याक्या कर सकते हैं?
पर्यटक यहां लंबी पैदल यात्रा, ट्रेकिंग, स्कूबा डाइविंग और पैराग्लाइडिंग जैसी स्पोर्ट्स एक्टिविटी का मजा ले सकते हैं. गर्मी में आप यहां हंपबैक व्हेल और डॉल्फिन भी देख सकते हैं. द्वीप पर वनीला के खेत और क्रियोल गांव भी हैं, जो देखने लायक हैं. काली रेत वाले समुद्र तट और बादलों से ढकी पहाड़ी सड़कें आपकी यात्रा को यादगार बना देंगी. यहां किफायती लक्जरी होटल और अन्य आवास भी उपलब्ध हैं.
कैसे पहुंचे और वीजा नियम
इंडिगो ने चेन्नई से रीयूनियन द्वीप के रोलैंड गैरोस एयरपोर्ट के लिए सीधी उड़ान शुरू की है. साढ़े छह घंटे में आप यहां पहुंच सकते हैं. भारतीय यात्रियों को 15 दिनों तक के प्रवास के लिए वीजा की जरूरत नहीं है.
वे भारत में किसी ट्रैवल एजेंसी से पैकेज टूर खरीद सकते हैं, जिसके बाद एजेंसी रीयूनियन द्वीप पर अपने सहयोगी से वीजा छूट का अनुरोध करेगी. यात्री सीधे रीयूनियन द्वीप पर किसी इनकमिंग एजेंसी से भी आवेदन कर सकते हैं. अगर आपकी यात्रा 15 दिन से ज्यादा की है, तो आपको रीयूनियन के लिए फ्रांस का विशेष वीजा लेना होगा.
घूमने लायक जगहें
घूमने की जगहों में पिटॉन डी ला फोरनाइज शामिल है, जो दुनिया के सबसे सक्रिय ज्वालामुखियों में से एक है. आप इसके लावा क्षेत्रों में ट्रेक कर सकते हैं, जिसमें प्लेन डे सेबल भी आता है. यह मंगल ग्रह जैसा रेगिस्तान है जो क्रेटर रिम तक जाता है. एडवेंचर स्पोर्ट्स, स्नॉर्कलिंग और सुबह डॉल्फिन देखने के लिए सेंट गिल्स लेस बैन्स सबसे अच्छी जगह है.
वोल्केनो एक्टिविटी से बनी प्राकृतिक पहाड़ी रंगभूमि सिर्क डी माफाटे की ब्यूटी मन को सुकून देती है. यहां सिर्फ पैदल या हेलीकॉप्टर से ही पहुंचा जा सकता है. आराम करने के लिए, इरेनी एकॉट के थर्मल बाथ में जा सकते हैं और सिर्क डी सिलाओस में स्थानीय उत्पादों का आनंद ले सकते हैं. मई से नवंबर के बीच का समय यहां घूमने के लिए सबसे अच्छा होता है, क्योंकि तब मौसम सूखा रहता है.