
Rupali Chakankar: महाराष्ट्र में नासिक के कथित ‘बाबा रेप कांड’ से उठा राजनीतिक तूफान खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है. इसका असर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रुपाली चाकणकर पर काफी हद तक पड़ा है. पहले उन्होंने महिला आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया और अब NCP महाराष्ट्र महिला प्रदेश अध्यक्ष का पद छोड़ दिया है. उन्होंने NCP प्रेसिडेंट और डिप्टी चीफ मिनिस्टर) सुनेत्रा पवार से बातचीत के बाद ये फैसला लिया.
NCP महिला प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा
उन्होंने X पर एक पोस्ट में कहा NCP प्रेसिडेंट और डिप्टी चीफ मिनिस्टर सुनेत्रा पवार के साथ फोन पर बात करने के बाद, मैं नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी की महिला विंग की स्टेट प्रेसिडेंट के पद से इस्तीफा दे रही हूं. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किए गए लेटर में चाकणकर ने कहा कि उन्होंने खरात मामले पर पहले ही दिन अपना स्टैंड साफ कर दिया था और कहा था कि उनके फाइनेंशियल लेन-देन या कथित गलत कामों से उनका कोई डायरेक्ट या इनडायरेक्ट कनेक्शन नहीं है. ये सभी बातें जांच के दौरान सामने आएंगी. हालांकि बिना किसी सबूत, झूठ और गलतफहमियों के जो आरोप लगाए जा रहे हैं, वे दर्दनाक हैं. सच को मजबूती से साबित किया जाएगा.
निष्पक्ष तरीके जांच करने की मांग
आगे लिखा कि मैंने पहले ही मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक से यह मांग की है कि यह जांच पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से की जाए. इससे पहले उन्होंने राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था. सोशल मीडिया पर उनकी एक तस्वीर वायरल हुई, जिसमें वे रेप के आरोपी स्वयंभू बाबा अशोक खरात के स्वागत में नजर आईं. मामले के तूल पकड़ने के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तुरंत हस्तक्षेप किया और चाकणकर से इस्तीफा देने को कहा. इसके बाद उन्होंने पद छोड़ दिया.
विपक्ष ने साधा निशाना
इस तस्वीर में महिला आयोग की अध्यक्ष रुपाली चाकणकर कथित बाबा अशोक खरात के साथ दिखाई दीं थी. आरोप है कि वे बाबा के सम्मान में शामिल थीं, जबकि उसी व्यक्ति पर गंभीर यौन शोषण के आरोप लगे हुए हैं. विपक्षी दलों ने इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया और सवाल किया कि महिलाओं को न्याय दिलाने वाली संस्था की प्रमुख एक ऐसे आरोपी के संपर्क में कैसे हो सकती हैं.





