
मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के बल्ह क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां एक रिटायर फौजी ने अपने ही पोते पर गोली चला दी. इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है. गोली लगने से 23 वर्षीय युवक उमेश गंभीर रूप से घायल हो गया है. घटना के बाद आनन-फानन में परिवार के सदस्य घायल युवक को नेरचौक एडिकल कॉलेज ले गए, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई है.
मंडी में दादा ने पोते पर चलाई गोली
घटना रविवार देर रात लोहारा गांव में घटित हुई है. परिवार के सदस्यों के अनुसार, आरोपी बहादुर सिंह सेना से सेवानिवृत्त है. परिजनों ने वारदात के समय आरोपी को शराब के नशे में धुत बताया है. किसी बात को लेकर परिवार में कहासुनी हुई, देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. जिसेक बाद गुस्से में आकर बहादुर सिंह ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से पोते उमेश पर गोली चला दी. गोली उमेश के बाजू और पीठ (हिप के पास) जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
परिवार के सदस्यों ने की आरोपी दादा की पिटाई
घटना के तुरंत बाद परिजन घायल युवक को उपचार के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज ले गए. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया. बाद में बेहतर इलाज के लिए उसे पीजीआई चंडीगढ़ भेज दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है. घटना के बाद परिवार के अन्य सदस्यों में गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपी बहादुर सिंह की पिटाई कर दी, जिससे उसे भी चोटें आई हैं. फिलहाल वह भी एम्स बिलासपुर में उपचाराधीन है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी का अपने परिवार के साथ पहले भी विवाद होता रहता था. रविवार (22 मार्च) रात को भी वह शराब के नशे में परिजनों से बहस कर रहा था, जिसके बाद उसने यह खौफनाक कदम उठाया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है.





