
Rajasthan News: मार्च का महीना बस बीतने ही वाला है और अप्रैल आते ही राजस्थान में कई तरह के बदलाव देखने को मिलने वाले हैं। 1 अप्रैल से प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन जैसी बुनियादी सेवाओं के नियमों और समय में बड़ा बदलाव होने वाला है। जहां एक ओर नेशनल हाईवे पर सफर करना अब आपकी जेब पर भारी पड़ेगा, वहीं सरकारी अस्पतालों और स्कूलों के समय में भी फेरबदल किया गया है। इन बदलावों का सीधा असर प्रदेश के लाखों नागरिकों की दैनिक दिनचर्या पर पड़ेगा।
महंगा होगा हाईवे का सफर और टोल दरें
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने जयपुर से जुड़ने वाले प्रमुख नेशनल हाईवे की टोल दरों में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। 1 अप्रैल से जयपुर-दिल्ली, जयपुर-किशनगढ़, जयपुर-सीकर और जयपुर-दौसा हाईवे पर सफर करना महंगा हो जाएगा। राहत की बात यह है कि इस बार निजी कारों के लिए टोल दरों में कोई इजाफा नहीं किया गया है, लेकिन सालाना पास बनवाना अब 75 रुपए महंगा पड़ेगा। यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से कॉमर्शियल और भारी वाहनों के लिए 5 से 20 रुपए तक की गई है। रिंग रोड पर भी भारी वाहनों को अब नई दरों के हिसाब से भुगतान करना होगा।
सरकारी अस्पतालों और स्कूलों का नया टाइम-टेबल
गर्मी के मौसम को देखते हुए प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में ओपीडी (OPD) के समय में बदलाव किया गया है। अब सामान्य दिनों में मरीज सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक डॉक्टरों को दिखा सकेंगे। वहीं, सरकारी छुट्टी के दिन यह सुविधा सुबह 9 से 11 बजे तक ही मिलेगी। इसी तरह, 1 अप्रैल से स्कूलों का नया शैक्षणिक सत्र भी शुरू हो रहा है। एक पारी वाले स्कूल अब सुबह 7:30 से दोपहर 1 बजे तक खुलेंगे, जबकि दो पारी वाले स्कूलों का समय सुबह 7 से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। आंगनबाड़ी केंद्रों के समय को भी सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक तय किया गया है।
वन्यजीव सफारी और हाथी सवारी के समय में फेरबदल
पर्यटन और वन्यजीव प्रेमियों के लिए भी 1 अप्रैल से नया शेड्यूल लागू होगा। रणथंभौर और सरिस्का टाइगर रिजर्व में मॉर्निंग सफारी अब सुबह 6 बजे से 9:30 बजे तक और इवनिंग सफारी दोपहर 3 बजे से शाम 6:30 बजे तक संचालित होगी। इसी तरह, जयपुर के आमेर में पर्यटकों को हाथी सवारी का आनंद अब कम समय के लिए मिलेगा। हाथी सवारी का समय अब सुबह 7 से 10:30 बजे तक ही रहेगा, जिसे पहले के मुकाबले एक घंटा घटा दिया गया है।
अदालतों में लागू होगा ग्रीष्मकालीन समय
राजस्थान हाईकोर्ट सहित प्रदेश की सभी अधीनस्थ अदालतों के समय में भी परिवर्तन किया गया है। आगामी 13 अप्रैल से प्रदेश की अदालतों में ग्रीष्मकालीन समय-सारिणी प्रभावी होगी, जो 28 जून तक चलेगी। इस व्यवस्था के तहत अदालती कार्यवाही सुबह 8 बजे से शुरू होगी। हाईकोर्ट में न्यायिक कार्य दोपहर 1 बजे तक चलेगा, जबकि ट्रायल कोर्ट्स में सुनवाई का समय सुबह 8 से दोपहर 12:30 बजे तक रहेगा। कार्यालयों का कामकाज भी अब सुबह 7:30 बजे से शुरू कर दिया जाएगा।





