
जयपुर। राजस्थान में मौसम एक बार फिर बदलने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने ताजा अपडेट जारी करते हुए प्रदेश के कुछ जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार जैसलमेर, बाड़मेर और सिरोही जिलों सहित आसपास के क्षेत्रों में अगले तीन घंटे के भीतर हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक यह तात्कालिक चेतावनी है, जिसके तहत इन इलाकों में अचानक मौसम बदल सकता है। बादल छाने, हल्की बारिश और हवा की रफ्तार बढ़ने की संभावना जताई गई है। ऐसे में खुले स्थानों पर मौजूद लोगों और किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम में उतार-चढ़ाव
प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। फरवरी में जहां तेज गर्मी का असर दिखने लगा था, वहीं मार्च के अंतिम दिनों में मौसम ने राहत दी है। पिछले करीब एक सप्ताह से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आंधी और हल्की बारिश का दौर जारी है, जिसके चलते तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है और गर्मी से कुछ राहत मिली है।
आगामी दिनों में दिखेगा असर
इससे पहले भी राजधानी जयपुर सहित भरतपुर और कोटा संभाग के कई इलाकों में बादल छाने और हल्की बारिश की गतिविधियां दर्ज की गई थीं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी मौसम का यह बदलाव जारी रह सकता है।
मार्च के अंत में तेज बारिश की संभावना
दरअसल, पश्चिमी विक्षोभ के लगातार सक्रिय होने से प्रदेश के मौसम पर असर पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 मार्च को पूर्वी और उत्तरी राजस्थान के कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद 28 से 31 मार्च के बीच एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से कई जिलों में मेघगर्जन, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी
तापमान की बात करें तो राज्य में सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है, जबकि आर्द्रता का स्तर 16 से 58 प्रतिशत के बीच बना हुआ है। मौसम विभाग ने किसानों और आमजन से अपील की है कि आंधी और बिजली के दौरान सावधानी बरतें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। आने वाले दिनों में मौसम की यह हलचल गर्मी से राहत भी दिला सकती है।





