
कोटा. कोटा जिले में एक बार फिर से खाकी को शर्मसार कर दिया गया. यहां चेचट थानाधिकारी और एक कांस्टेबल ने ऐसी हकरत कर डाली जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. थानाधिकारी और कांस्टेबल ने एक नाबालिग लड़की का अवैध रूप से गर्भपात करने वाले डॉक्टर को सात लाख रुपये लेकर छोड़ दिया और मामले को दबा दिया. लेकिन थानाधिकारी और कांस्टेबल की यह हरकत जल्द ही आलाधिकारियों के सामने आ गई. उसके बाद कोटा ग्रामीण एसपी ने दोनों के खिलाफ सख्त एक्शन लेते हुए थाने से हटाकर लाइन हाजिर कर दिया.
जानकारी के अनुसार यह मामला राजस्थान और इससे सटे मध्य प्रदेश राज्य से जुड़ा है. मध्य प्रदेश की सीमा कोटा जिले से लगती है. कोटा के चेचट इलाके के एक गांव का लड़का एक लड़की को भगा कर ले गया था. बाद में वह लड़की गर्भवती हो गई तो लड़का उसका गर्भपात करवाने के लिए मध्य प्रदेश के सिहोर के प्राइवेट अस्पताल ले गया था. वहां डॉक्टर ने उसका गर्भपात कर दिया. इस मामले में चेचट थाने के थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह बिश्नोई और कांस्टेबल महावीर ने मध्य प्रदेश के सीहोर के निजी अस्पताल के संचालक डॉक्टर को गर्भपात करने के आरोप में पूछताछ के लिए थाने बुलाया.
थाने बुलाकर मोटी रकम की डील कर ली
बताया जा रहा है वहां उसने दोनों से उसे छोड़ने की एवज में मोटी रकम की डील कर ली. थानाधिकारी और कांस्टेबल दोनों ने आरोपी होने के बावजूद डॉक्टर को आरोपी नहीं बनाया और उनसे 7 लाख लेकर केस को दबा दिया. लेकिन यह मामला जल्द ही लीक हो गया. बाद में इसकी सुगबुगाहट आलाधिकारियों तक पहुंची तो महकमे में हड़कंप मच गया. लेनदेन का आरोप लगने के बाद कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने इसकी जांच रामगंज डीएसपी को सौंपी. डीएसपी की जांच में सामने आया है कि डॉक्टर ने नाबालिग लड़की का गर्भपात बिना दस्तावेज के ही करवा दिया था. लेकिन उसकी शिकायत पुलिस के पास पहुंच गई थी.
जांच में लेनदेन का मामला सही पाया गया
खुद को पुलिस केस में फंसता देखकर डॉक्टर ने पुलिस के सामने रुपये ऑफर किए. रुपये देखकर थानाधिकारी और कांस्टेबल का ईमान डगमगा गया. उन्होंने सात लाख रुपये की रकम लेकर डॉक्टर को बिना आरोपी बनाए ही चलता कर दिया. डीएसपी की जांच पड़ताल में सात लाख रुपये की डील का मामला सही पाया गया. इस पर कोटा ग्रामीण एसपी ने चेचट थानाप्रभारी पुलिस निरीक्षक सुरेंद्र सिंह बिश्नोई और कांस्टेबल महावीर को थाने से हटाकर लाइन हाजिर कर दिया. लेनदेन की यह डील काफी चर्चा में बनी हुई है.





