Wednesday, March 4, 2026
CrimeViral

यूपी में होली पर छीनीं खुशियां, बस ने कार में मारी टक्कर, छह की मौत

यूपी में होली पर छीनीं खुशियां, बस ने कार में मारी टक्कर, छह की मौत

हाथरस:  होली पर दिल्ली से गोरखपुर जा रही डबल डेकर बस हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। हाथरस में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़ी हरिया के निकट अनियंत्रित डबल डेकर बस ने आगे जा रही इको कार में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में इको सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में राजस्थान के धौलपुर का एक दंपती और आगरा के बाह का एक दंपती शामिल है।

तड़के 4 बजे हुआ भीषण हादसा
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) रामानंद कुशवाह के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा मंगलवार तड़के करीब 4 बजे हुआ। डबल डेकर बस दिल्ली से सवारी भरकर गोरखपुर की तरफ जा रही थी। जैसे ही बस सादाबाद क्षेत्र के गढ़ी हरिया गांव के पास पहुंची, चालक ने तेज रफ्तार के कारण संतुलन खो दिया और आगे चल रही इको कार में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और एक्सप्रेसवे की एक लेन पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन और प्रशासनिक मुस्तैदी
सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) रामानंद कुशवाहा, एसडीएम मनीष चौधरी और तहसीलदार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि सात लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे थे। घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आगरा के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

मौके पर मची चीख पुकार
पुलिस जांच में सामने आया है कि इको कार में सवार सभी लोग दिल्ली से राजस्थान के धौलपुर जिले के राजाखेड़ा जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों और घायलों को बाहर निकाला।

इन लोगों की हुई मौत
भीषण हादसे में मरे तीन लोग आगरा और तीन लोग राजस्थान में धौलपुर के राजाखेड़ा निवासी थे। सभी इको से प्रेम नगर दिल्ली से धौलपुर जा रहे थे और अलग-अलग स्थानों से बैठे थे। घायल बच्चों को उपचार के लिए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर किया गया है। पुलिस ने बस को खंदौली पुलिस चौकी पर खड़ा करवाया है।

ये हैं मृतक :-
1-दिनेश पुत्र हुकम सिंह, 45 वर्ष निवासी गांगोली थाना राजाखेड़ा, धौलपुर राजस्थान

2-सुनीता पत्नी दिनेश, 40 वर्ष निवासी गांगोली थाना राजाखेड़ा, धौलपुर राजस्थान

3-लोकेश पुत्र भूरी सिंह, उम्र 35, समोली घेर राजाखेड़ा, धौलपुर

4-विजय बघेल पुत्र सुखराम उम्र 27 वर्ष निवासी चोरंगाबाद थाना बाह, आगरा

5-पिंकी बघेल पत्नी विजय बघेल उम्र 26 निवासी चोरंगाबाद थाना बाह, आगरा

6-नत्थो देवी पत्नी अमर सिंह उम्र 40 निवासी रोईखास, शमसाबाद, आगरा

पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
हादसे के बाद पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। एएसपी ने बताया कि बस चालक की तलाश की जा रही है और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग सुचारू कर दिया गया है। इस घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है।

Leave a Reply