
उत्तर प्रदेश में कहीं धूप और कहीं बादलों का सिलसिला जारी हैं. बढ़ती गर्मी के बीच आज फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. जिससे आने वाले दिनों में प्रदेश के ज़्यादातर हिस्सों में बारिश होने के आसार बन रहे हैं. जिससे लोगों को तीखी धूप से राहत मिलेगी. मौसम विभाग ने आज से अगले तीन दिनों तक प्रदेश के ज़्यादातर हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है. कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी चेतावनी है.
मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है, जिसका असर आज 3 अप्रैल शुक्रवार से पश्चिमी संभाग में दिखाई देगा. इसकी वजह से प्रदेश में आंधी-बारिश का अलर्ट दिया गया है. कई जगहों बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है. 4 और 5 अप्रैल को प्रदेश के दोनों संभागों में तेज बारिश होने का अनुमान हैं, कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी होगी.
लखनऊ से वाराणसी तक आज का मौसम
राजधानी लखनऊ की बात करें तो आज यहां सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए दिख रहे हैं. कहीं-कहीं छिटपुट बारिश हो सकती है. दोपहर के बाद आंशिक रूप से धूप निकलेगी लेकिन, बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. वहीं प्रयागराज, वाराणसी और अयोध्या में भी आंशिक तौर पर बादल छाए हैं लेकिन, आज यहां बारिश के आसार नहीं है.
नोएडा-गाजियाबाद में बारिश का अलर्ट
दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद में सुबह से ही घने काले बादलों का डेरा जमा हुआ है. इन जिलों में आज तेज आंधी के साथ मेघगर्जन और बारिश की चेतावनी दी गई है. सुबह से ही ठंडी हवाएं चल रही हैं. मौसम में आए इस बदलाव की वजह से तापमान में भी गिरावट आई हैं. यहां अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक बना हुआ है.
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में आज नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, आगरा, हापुड़, अमरोहा, मेरठ, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, सहारनपुर, झांसी, महोबा और ललितपुर में कहीं-कहीं गरज चमक के साथ बारिश होने का अलर्ट दिया गया है. इन जिलों में बिजली गिरने कभी संभावना है और 40-50 किमी की रफ़्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई हैं.
प्रदेश के बाकी हिस्सों में आज मुख्य तौर पर धूप बनी रहेगा और लोगों को गर्मी परेशान कर सकती हैं. हालांकि कहीं-कहीं आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकती हैं. अगले 24 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की क्रमिक बढ़ोतरी होगी और फिर अगले 3 दिनों में 3-5 डिग्री तक गिरावट आएगी.





