
Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में गंगानगर के फाफामऊ थाना क्षेत्र में सोमवार (23 मार्च) दोपहर एक कोल्ड स्टोरेज अचानक ढह गया। अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद इससे अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक इस दुर्घटना में 12 श्रमिक घायल हो गए हैं। उन्होंने बताया कि घायल मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई है। जबकि घोयलों में से कुछ की हालत नाजुक है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने पीटीआई को बताया, “कोल्ड स्टोरेज ढहने की घटना में अभी तक चार लोगों की दुखद मौत हो चुकी है। जबकि 12 श्रमिक घायल हैं जिनका इलाज एसआरएन अस्पताल में चल रहा है।” उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल से मलबा हटाकर लोगों की तलाश रही है।
फिलहाल, बचाव-राहत कार्य शुरू कर दिया गया है। डीसीपी (गंगा नगर) कुलदीप गुनावत ने बताया कि फाफामऊ थानाक्षेत्र में एक कोल्ड स्टोरेज आज दोपहर अचानक भर भराकर ढह गया। इससे 12 श्रमिक घायल हो गए हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस की टीम राहत एवं बचाव कार्य में लगी है। फायर विभाग की टीम भी सक्रिय है जो गैस रिसाव बंद करने की दिशा में काम कर रही है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया, “हमें आज दोपहर डेढ़-दो बजे के बीच फाफामऊ में कोल्ड स्टोरेज ढहने की सूचना मिली जिस पर मैं और पुलिस आयुक्त समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। एनडीआरएफ की टीम पहुंचने वाली है।”
उन्होंने आगे बताया, “लगातार मलबा हटाया जा रहा है। मलबे में कितने लोग फंसे हैं, इसकी सटीक सूचना अभी नहीं मिल पा रही है। हालांकि प्रशासन तेजी से राहत एवं बचाव कार्य में लगा है ताकि कोई भी व्यक्ति मलबे में फंसा न रहे।”
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल, बचाव और राहत कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। मौके पर एंबुलेस के साथ फायर ब्रिगेड की टीम, एसडीआरएफ और प्रयागराज पुलिस के जवान मौजूद हैं। करीब आधा दर्जन बुलडोजर के सहारे मलबे को हटाया जा रहा है।





