
बहराइच। यूपी में बीते 48 घंटों के दौरान तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। अलग-अलग जिलों में हादसों के चलते 12 लोगों की जान चली गई। कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए। फसलें बर्बाद हो गईं।मौसम का यह बदला मिजाज लोगों के लिए मुसीबत बन गया। सबसे अधिक किसान प्रभावित हो रहे हैं।
यूपी में अचानक बदले मौसम ने भारी तबाही मचाई है। शनिवार शाम से शुरू हुई तेज आंधी और बारिश का असर रविवार सुबह तक देखने को मिला। काशी, गोंडा और सल्तानपुर समेत कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश होती रही। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इस बेमौसम बारिश का सबसे ज्यादा असर कानपुर में देखने को मिला। यहां पहले धूल भरी आंधी चली। उसके बाद तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई। हालात इतने बिगड़ गए कि हैलट अस्पताल परिसर में पानी भर गया। शहर में 200 से ज्यादा पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। एक दर्दनाक हादसे में बरगद का पेड़ एक चलते ऑटो पर गिर पड़ा। जिससे ऑटो चालक और 60 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला अपनी बेटी के साथ दवा लेने गई थी।
बीते 48 घंटे में आंधी पानी बिजली से 12 लोगों की मौत
प्रदेश के ललितपुर, झांसी और जालौन जिलों में भी ओले गिरने से खेतों में सफेद चादर जैसी स्थिति बन गई। इससे गेहूं और सरसों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं सीतापुर में बिजली गिरने से एक घर में आग लग गई। जिसमें मां और बेटी जिंदा जल गईं। जबकि एक 7 साल की बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई। आंकड़ों के मुताबिक, आंधी-बारिश और बिजली गिरने से कानपुर में 4 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा सीतापुर में 3, वाराणसी और चित्रकूट में 2-2 और ललितपुर में 1 व्यक्ति की जान गई है।
आज 23 जिलों में बारिश 15 जिलों में ओले गिरने का अलर्ट
पूर्वी यूपी में मौसम विभाग ने रविवार के लिए 23 जिलों में बारिश और 15 जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव आया है। फिलहाल एक-दो दिन मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन 7 अप्रैल से फिर मौसम बदल सकता है। आंधी और बारिश के साथ तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। 9 अप्रैल तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है।
इन जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास ओलावृष्टि का पूर्वानुमान है।





