
गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर में एक निजी कार्यक्रम के दौरान पहुंचे सपा नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने मीडिया के सवालों के जवाब में कहा, मेरे घर में बुलडोजर चलवाना चाहते हो क्या? सवाल सत्ता पक्ष से होना चाहिए, हम तो विपक्षी हैं। ओपी राजभर किसी को भी कुछ कह सकते हैं लेकिन मेरे संस्कार ऐसे नहीं, जवाब मुझे भी देना आता है।
शनिवार की शाम नसीमुद्दीन सिद्दीकी भारतीय सर्व धर्म एकता समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बनकर पहुंचे थे। यहां उनसे मीडिया के लोगों ने कहा कि ओपी राजभर आपको दगा कारतूस बोलते हैं। इस पर सिद्दीकी ने कहा कि राजभर को मैं बहुत पहले से जानता हूं। पहले वह बसपा में थे। वह किसी के लिए कुछ भी कर सकते हैं। जवाब मैं भी दे सकता हूं लेकिन मेरी परवरिश और संस्कार इस बात की इजाजत नहीं देते।
‘2027 में सपा बनाएगी सरकार’
2027 चुनाव में बसपा की भूमिका पर सिद्दीकी ने कहा कि इस वक्त ना तो सपा की सरकार है और ना बसपा की। सत्ता में भाजपा है तो सवाल भी उन्हीं से पूछें और जवाब भी उन्हीं को देना है। 2027 विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी सरकार बनाने जा रही है।
‘आजम खान की जगह कोई नहीं ले सकता’
आजम खान के बारे में सिद्दीकी ने कहा कि वह बड़े नेता हैं, उनका स्थान कोई नहीं ले सकता। बता दें कि नसरुद्दीन सिद्दीकी के बसपा सरकार में मंत्री रहने के दौरान उनका नाम एनआरएचएम घोटाले में आया था। इस सिलसिले में वह जेल में भी बंद रहे थे।
‘अब मैं सपा की विचारधारा के साथ’
नसीमुद्दीन ने कहा कि वे अब पूरी तरह से समाजवादी विचारधारा के साथ हैं। सपा सभी जातियों को एक साथ लेकर चलती है। हमने ईद और होली मिलन समारोह एक साथ मनाया है। अभी तक हम लोग 52 जगहों पर इस तरह के आयोजन कर चुके हैं। आगे भी करते रहेंगे।





