
हरियाणा राज्यसभा चुनाव में कथित रूप से क्रॉस वोटिंग करने वाले पलवल जिले के हथीन से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इसराईल चौधरी ने खुलकर अपनी बात रखी है। मंगलवार को उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी कर्मवीर बौद्ध पसंद नहीं थे और न ही बौद्ध ने उनसे वोट मांगा था। विधायक ने दो टूक शब्दों में कहा, “मेरा जो मन था, वो मैंने किया। अब पार्टी का जो मन है, वो कर सकती है।” उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि वह अगला विधानसभा चुनाव कांग्रेस पार्टी के टिकट पर नहीं लड़ेंगे। फिलहाल वह अपने समर्थकों से विचार-विमर्श कर रहे हैं और अगले दो-चार दिन में प्रेस वार्ता कर पूरी स्थिति स्पष्ट करेंगे।
हुड्डा से नाराजगी, उदयभान को बताया अपना नेता
विधायक इसराईल चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के प्रति गहरी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय चौधरी जलेब खां ने 2009 में हुड्डा को मुख्यमंत्री बनाने में अहम भूमिका निभाई थी, लेकिन इसके बावजूद हुड्डा ने 2024 के विधानसभा चुनाव में उनका टिकट काटने की कोशिश की। उन्होंने कहा, “मेरा भरोसा तब टूटा जब चुनाव से पहले 5 अगस्त को हुड्डा साहब ने चौधरी हर्ष कुमार को पार्टी में शामिल कराया। हुड्डा ने कभी हमें अपना माना ही नहीं।” विधायक ने कहा कि वह मार्च 2024 में ही पार्टी छोड़ने वाले थे, लेकिन चौधरी उदयभान के कारण रुक गए। अगर राज्यसभा प्रत्याशी उदयभान होते, तो वह उन्हें वोट जरूर देते।
मुख्यमंत्री पूरे हरियाणा के होते हैं
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात के सवाल पर विधायक ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री किसी एक पार्टी के नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के होते हैं। उन्होंने कहा, “मैं एक विधायक हूं और अपने क्षेत्र की समस्याओं, जैसे खेतों में जलभराव आदि के समाधान के लिए मुख्यमंत्री से मिलता रहता हूं।”
बता दें कि कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद और भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इसराईल चौधरी पर क्रॉस वोटिंग का आरोप लगाते हुए उन्हें पार्टी का ‘दगाबाज’ विधायक करार दिया है। इस विवाद के बाद विधायक ने अपने दफ्तर और सोशल मीडिया प्रोफाइल से कांग्रेस का नाम हटा दिया है।
क्रॉस वोटिंग के बाद परिवार में तकरार, बेटे ने तोड़े रिश्ते
इस राजनीतिक घटनाक्रम का असर विधायक के परिवार पर भी पड़ा है। क्रॉस वोटिंग के मुद्दे पर उनके बेटे नाजिम चौधरी ने अपने पिता से सभी पारिवारिक और सामाजिक रिश्ते तोड़ने का सार्वजनिक ऐलान कर दिया है। नाजिम ने राहुल गांधी को अपना आदर्श बताते हुए कांग्रेस हाईकमान से क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बेटे की इस नाराजगी पर विधायक इसराईल चौधरी ने चुप्पी साधते हुए सिर्फ इतना कहा, “मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता। वह पढ़ा-लिखा और समझदार है, उसने जो किया अपनी समझ से किया होगा।”





