Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एलएलबी के छात्र की हत्या का मामला सामने आया है. यहां गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक एलएलबी के छात्र की खून से लथपथ लाश नाले में पड़ी मिली. बताया जा रहा है कि मृतक छात्र बुधवार शाम अपने दोस्त की बर्थडे पार्टी में गया था जिसके बाद वह लौटकर घर नहीं आया. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जहां पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. वहीं आलाधिकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया है, जो जीपीएस सीडीआर और सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है.

जानकारी के मुताबिक, पुरकाजी थाना क्षेत्र स्थित गांव हरेटी के मौजूदा प्रधान विवेक राठी के करीब 18 वर्षीय बेटे रोहन की लाश आज गांव के बाहर स्थित नाले से बरामद हुई है. बताया जा रहा है कि मृतक रोहन एलएलबी का छात्र था और वह बुधवार शाम अपने एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में गया था, जिसके बाद वह घर लौट कर वापस नहीं आया.
घर का एकलौता बेटा था रोहन
इकलौते बेटे की हत्या के बाद से परिवार में कोहराम मचा गया. वहीं मृतक छात्र रोहन के शरीर पर चोट के निशान पाए गए, जिसके चलते आशंका जताई जा रही है कि रोहन की पीटपीट कर बेरहमी से हत्या की गई है. बरहाल घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
वहीं, मुजफ्फरनगर एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है. पुलिस की टीमें चप्पेचप्पे की बारीकी से जांच पड़ताल कर रही हैं. पुलिस, जीपीएस, सीडीआर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित
घटना की जानकारी देते हुए जहां एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि थाना पुरकाजी क्षेत्र में सूचना प्राप्त हुई कि खेतों में एक व्यक्ति का शव मिला है. इस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान की गई. इसके बाद, परिजनों को सूचना दी गई. फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया गया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई. घटना का खुलासा करने के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है. सीसीटीवी, जीपीएस, सीडीआर सभी तकनीक का सहायता लेते हुए एसओजी को लगाया गया है.