Viral

मुजफ्फरनगर में बालाजी शोभायात्रा में हादसा, ट्रैक्टर ने कलाकारों को रौंदा, आधा दर्जन घायल


मुजफ्फरनगर। कस्बे में बुधवार को श्री बालाजी युवा संगठन के तत्वाधान में निकाली जा रही भव्य शोभायात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। जीटी रोड स्थित कीर्ति स्तंभ के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली के अचानक अनियंत्रित होने से झांकी के आगे नृत्य कर रहे कलाकारों और श्रद्धालुओं समेत करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शोभायात्रा जब कीर्ति स्तंभ के पास पहुँची, तो ट्रैक्टर चालक अपने एक परिचित को स्टेयरिंग पर बैठाकर पास के कैंप में शीतल पेय पीने चला गया था। इसी बीच शोभायात्रा को आगे बढ़ाने का संकेत मिला, तो स्टेयरिंग पर बैठे अनुभवहीन युवक ने जैसे ही एक्सीलेटर दबाया, वह नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रैक्टर सीधे आगे चल रहे कलाकारों और दर्शकों पर चढ़ गया।

पुलिस की मुस्तैदी से टला बड़ा संकट हादसे के वक्त सुरक्षा व्यवस्था में तैनात सीओ रामाशीष यादव और कोतवाल दिनेश चन्द्र बघेल ने तुरंत स्थिति को संभाला। पुलिस ने आनन-फानन में ट्रैक्टर रुकवाया और घायलों को अपनी गाड़ियों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। इसके बाद पुलिस ने स्थिति को सामान्य कर शोभायात्रा को पुनः सुचारू कराया।

हादसे में घायल हुए लोग:

विमल (33 वर्ष): निवासी भूड़, खतौली (हालत गंभीर)

नेहा (24 वर्ष): निवासी साकेत, मेरठ (हालत गंभीर)

तनिष (12 वर्ष): निवासी भूड़, खतौली

हिंमाशु (21 वर्ष): निवासी लाल कुर्ती, मेरठ

मन्नत (10 वर्ष): निवासी संजय नगर, मेरठ

शिल्पा (32 वर्ष): निवासी जय देवी नगर, मेरठ

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद विमल और नेहा की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया है। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply