
मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर के सिखेड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक ने पत्नी से विवाद के बाद जंगल में पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मुजफ्फरनगर जिले के सिखेड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पत्नी से विवाद के बाद घर छोड़कर गया
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 25 वर्षीय प्रिंस उर्फ बचन के रूप में हुई है, जो भंडूरा गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि युवक का अपनी पत्नी से शराब पीने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद वह रात में घर छोड़कर चला गया।
जंगल में पेड़ से लटका मिला शव
देर रात वह पास के गांव जट मुझेड़ा के जंगल में पहुंचा, जहां उसने पेड़ से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह के समय रास्ते से गुजर रहे एक युवक ने उसका शव पेड़ से लटका देखा और तुरंत डायल 112 पर सूचना दी।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही थाना सिखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर मोर्चरी भेज दिया। बाद में परिजनों को बुलाकर शव की पहचान कराई गई। पुलिस का कहना है कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।





