
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव में मामूली कहासुनी को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।
वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के लोग लात-घूंसे और लाठी-डंडों का इस्तेमाल करते दिख रहे हैं। सड़क पर एक-दूसरे को गिरा-गिराकर पीटा गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोगों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार, सैदपुर गांव में यह विवाद मामूली कहासुनी से शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष हिंसक हो गए। वीडियो फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि लोग एक-दूसरे को धक्का देकर गिरा रहे हैं और फिर लात-घूंसे व डंडों से हमला कर रहे हैं।
दोनों पक्षों से एक-दूसरे पर चलाए लाठी-डंडे। घटना में घायल हुए लोगों को प्राथमिक उपचार दिया गया है। हालांकि, किसी भी व्यक्ति की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है। वीडियो वायरल होने के बाद चरथावल पुलिस तुरंत हरकत में आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है और वायरल वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है।
पुलिस ने बताया कि जल्द ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से इलाके में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से शांति व्यवस्था बनाए रखने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। मुजफ्फरनगर पुलिस ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाने का आश्वासन दिया है।





